scriptपुष्कर सरोवर में उतरा सांभर, बाजारों में दौड़ा, मची दहशत | Sambhar landed in Pushkar lake, ran in markets, panic | Patrika News
अजमेर

पुष्कर सरोवर में उतरा सांभर, बाजारों में दौड़ा, मची दहशत

जंगल से भटक कर पहुंचा रिहायशी इलाके में, बमुश्किल पकडकर जंगल में छोड़ा
 

अजमेरJan 04, 2020 / 08:27 pm

baljeet singh

पुष्कर सरोवर में उतरा सांभर, बाजारों में दौड़ा, मची दहशत

पुष्कर सरोवर में तैरता सांभर।

पुष्कर (अजमेर). जंगलों से रास्ता भटककर आया एक सांभर पुष्कर सरोवर में उतर गया। सांभर करीब दो घंटे तक सरोवर में तैरता रहा। फिर मुख्य बाजार से होता हुआ रिहायशी इलाके में पहुंच गया। बाद में वन विभाग, पुष्कर पुलिस, पुलिस मित्र तथा रेस्क्यू टीक के जवानों ने स्थानीय लोगों की सहायता से सांभर को बमुश्किल काबू में कर पकड़ा तथा जंगल में छोड़ दिया। पकड़ा गया वन्य जीव नर सांभर था जो संभवत: रात में रास्ता भटक कर सरोवर किनारे पहुंच गया। कड़ाके की ठंड में शनिवार सुबह लोगों ने बारह सींग वाले सांभर को सरोवर में तैरते देखा तो महादेव घाट पर लोगों का मजमा जम गया। करीब दो घंटे तक सांभर नामक वन्य जीव ठंडे पानी में कभी सरोवर के मध्य तो कभी घाट के आसपास तैरता रहा। सूचना मिलने पर जयकुमार पाराशर, यशवन्त सहित अन्य युवकों ने घाट पर आकर सांभर को निकालने कोशिश की लेकिन वह पानी से बाहर नही निकला। इस दौरान एक युवक ने ठंडे पानी में तैरकर सांभर को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन नाकामयाब रहा। करीब दो घंटे बाद सांभर थोड़ा एकांत देखकर सरोवर से निकलकर महादेव घाट की तरफ भागा। उसके बाद वराह घाट से मुख्य बाजार होता हुआ गऊ घाट के पास हिरायशी इलाके में एक संकरी गली में घुस गया। इससे लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थानाधिकारी राजेश मीणा, वनपाल कैलाश गुर्जर सहित पुलिस मित्र अमित भटट, मुकेश व टीम ने मौके पर पहुंचकर रस्से आदि से बमुश्किल सांभर को काबू में किया तथा खरेखड़ी के जंगल में छोड़ा।
बिना तैयारी के पहुचें वनकर्मी
पुष्कर के रिहायशी इलाके में घुसे सांभर को पकडऩे के लिए वन कर्मचारी बिना तैयारी के मौके पर पहुंच गए। उनके पास वन्य जीव को पकडऩे के लिए ट्रेंकुलाइजर गन भी नही थी। यही कारण रहा कि परम्परागत तरीके से ही सांभर को पकड़ा गया वर्ना हमला करने की स्थिति में सांभर कइयों को जख्मी कर सकता था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो