
अलीराजपुर. मध्यप्रदेश में नारी शक्ति की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसके खुद सीएम शिवराज सिंह चौहान भी मुरीद हो गए हैं। ड्यूटी के साथ ममता का फर्ज निभा रहीं महिला डीएसपी की न केवल सीएम शिवराज सिंह ने तारीफ की बल्कि डेढ़ साल की मासूम बच्ची को मामा शिवराज ने दुलार भी किया। ममता के साथ ही ड्यूटी का फर्ज निभाने वाली महिला अफसर का नाम मोनिका सिंह है जो पुलिस विभाग में डीएसपी हैं और धार में पदस्थ हैं। बीते दो दिनों से डीएसपी मोनिका सीएम शिवराज सिंह चौहान के दौरे के कारण स्पेशल ड्यूटी पर तैनात हैं।
ड्यूटी के साथ निभाया ममता फर्ज
डीएसपी मोनिका सिंह धार में पदस्थ हैं। दो दिनों से सीएम शिवराज सिंह चौहान के चुनावी दौरे के कारण उनकी स्पेशल ड्यूटी लगी हुई थी। बुधवार को जब सीएम शिवराज सिंह चौहान अळीराजपुर के जोबट में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे तो हैलीपेड पर डीएसपी मोनिका बेटी को सीने से लगाए ड्यूटी पर तैनात थीं। DSP मोनिका के पति इशान सिन्हा एक प्राइवेट कंपनी में साइबर एडवाइजरी करते हैं और काम के सिलसिले में उन्हें अक्सर घर से बाहर रहना पड़ता है। डीएसपी मोनिका की डेढ़ साल की बेटी मायसा है जिसकी देखभाल के लिए उन्होंने एक महिला केयर टेकर को रख रखा है। बुधवार को महिला केयर टेकर के साथ ही डीएसपी मोनिका बेटी मायरा को भी ड्यूटी स्थल पर ले गई थीं। जैसे ही सीएम के काफिले के आने की सूचना मिली तो मोनिका सिंह ने बच्ची को सीने से बांध लिया और ड्यूटी पर तैनात हो गईं।
सीएम ने की तारीफ
चुनावी सभा से वापस हैलीपेड पर लौटते वक्त जैसे ही सीएम शिवराज की नजर गोद में बेटी लिए ड्यूटी पर तैनात डीएसपी मोनिका सिंह पर पड़ी तो वो तुरंत मोनिका के पास पहुंचे और उनकी जमकर तारीफ की। सीएम शिवराज ने डीएसपी मोनिका की बेटी मायसा को दुलार भी किया आशीर्वाद दिया। मोनिका सिंह ने बताया कि सीएम बच्ची को गोद में लेना चाहते थे लेकिन जब बेल्ट हटाया तब तक मायसा रोने लगी जिसके कारण वो उसे गोद में नहीं ले पाए और सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। सीएम शिवराज ने अपने ट्विटर पर भी डीएसपी मोनिका सिंह की बेटी को दुलार करते हुए तस्वीर शेयर करते हुए मां और ड्यूटी का फर्ज एक साथ निभाने वाली अफसर की जमकर तारीफ की है।
देखें वीडियो- CM शिवराज ने मंत्री का महिला प्रत्याशी के बालों को हाथ लगाने पर दी सफाई
Published on:
20 Oct 2021, 8:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.