scriptकल से बढ़ेगी भयंकर ठंड, भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी | severe cold will increase from tomorrow possibility of heavy rain IMD | Patrika News
प्रयागराज

कल से बढ़ेगी भयंकर ठंड, भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी

मौसम केन्द्र के वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार हिमालयी बर्फीले इलाकों से आ रही सर्द पछुआ शनिवार तक चलेगी। इसके बाद दूसरे विक्षोभ से हवा का रुख पुरवा हो जाएगा तो बदली बारिश का सिलसिला पांच फरवरी तक चल सकता है।

प्रयागराजFeb 02, 2024 / 11:02 am

Vikash Singh

western_disturbance_active_again_in_mp.jpg
तापमान में फिर बड़े उतार चढ़ाव के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शहर में गुरुवार को कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बौछार पड़ी। पुरवा चलने से तीन दिनों से शहरवासियों को गलन से राहत है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से हवा वापस पछुआ हो जाएगी। इससे अधिकतम और न्यूनतम पारे में 2-4 डिग्री तक गिरावट संभव है। गुरुवार सुबह बादल छाए रहे और हवा भी तेज थी, लेकिन गलन नहीं थी। हवा की रफ्तार जो 2.3 किलोमीटर प्रतिघंटा थी वह 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा हो गई।

दोपहर बाद सिस गोमती क्षेत्र के कुछ इलाकों में बौछार पड़ी। ट्रांस गोमती के इन्दिरा नगर और गोमती नगर समेत कई इलाकों में शाम के बाद फुहार पड़ी। इससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। बदली से दिन के अधिकतम पारे में थोड़ी गिरावट हुई। यह सामान्य से 2.0 कम 22.0 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले बुधवार यह 25.5 डिग्री दर्ज किया गया था।

रविवार से फिर बारिश, तेज हवा का पूर्वानुमान
मौसम केन्द्र के वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार हिमालयी बर्फीले इलाकों से आ रही सर्द पछुआ शनिवार तक चलेगी। इसके बाद दूसरे विक्षोभ से हवा का रुख पुरवा हो जाएगा तो बदली बारिश का सिलसिला पांच फरवरी तक चल सकता है।

धूप में भी चुभ रही ठंडी हवा कल बारिश के आसार
उधर, ताजनगरी आगरा में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली है। धूप में भी ठंडी हवाएं चुभती रहीं। ऐसा मौसम आने वाले दिनों में भी रहेगा। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिन में एक या उससे अधिक बार बारिश हो सकती है। इससे तापमान में फिर से गिरावट की संभावनाएं हैं।

ताजनगरी में लगातार सर्दी, गलन, शीतलहर और कोहरे के बाद अब दोपहर में धूप खिल रही है। तापमान भी ‘कोल्ड-डे-कंडीशन’ से निकलकर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दोपहर में खिलने वाली धूप से धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी हो गई है। गुरुवार सुबह से ही मौसम के तेवर अलग थे। आसमान साफ था और सुबह धूप भी खुलकर निकली थी। लेकिन, ठंडी तेज हवाएं कंपकंपी छुड़ा रही थीं। शाम तक इन हवाओं का तेवर हल्का नहीं हुआ। दोपहर में धूप सेकने वाले लोगों के शरीर में ये हवाएं चुभ रहीं थीं। वे खुले में ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे थे। हवा को रोकने के लिए दीवार इत्यादि का सहारा ले रहे थे। मौसम विभाग ने गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। जबकि, न्यूनतम तापमान भी 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 89 रहा है।
दो दिन बारिश के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को सुबह से मौसम साफ रहेगा। धूप के साथ तेज हवा चलेगी। शनिवार और रविवार को बारिश के आसार है। सुबह से ही आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौंछारें पड़ेंगी। इससे तापमान में भी उतार चढ़ाव हो सकता है। तेज हवाएं ठंड का एहसास कराएंगी।
खूब बरसे बादल, आज कोहरा
मेरठ में बुधवार दोपहर बाद शुरू हुई सर्दी के सीजन की पहली अच्छी बारिश गुरुवार सुबह तक मेरठ सहित वेस्ट यूपी को भिगोती रही। मात्र 24 घंटे में ही मेरठ में 19.6 मिमी बारिश ने कोहरे और प्रदूषण की चादर को धो दिया। दिन में बादल छाए रहे। देर शाम घने बादलों से कुछेक हिस्सों में बौछारें गिरी। आज मेरठ में सुबह के वक्त बेहद घने कोहरे के आसार हैं। हालांकि दुपहर तक कोहराछंटने और अच्छी धूप निकलने की उम्मीद है। दिन में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा।

पांच के बाद फिर कंपाएंगी बर्फीली हवाएं
मौसमी सिस्टम के आगे निकलने से आज पूरे क्षेत्र में बर्फीली हवाएं मैदानों को कंपाएंगी। 15-20 किमी प्रतिघंटे की बर्फीली हवाओं से दिन के तापमान में बड़ी गिरावट के आसार हैं। इससे ठंडी बढ़ेगी, लेकिन सर्द दिन की स्थितियां नहीं होगी। तीन एवं चार फरवरी को हवा की रफ्तार कम रहेगी, लेकिन पांच फरवरी से फिर बर्फीली हवाएं मैदानों को कंपाएंगी।
दिन का पारा फिसला
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को दिन का तापमान 18 और रात का 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। रात के तापमान में भी कमी आ सकती है, लेकिन तीन की रात से फिर तापमान बढ़ेगा।
आधी रात के बाद बही साफ हवा
बुधवार रात बारिश और फिर तेज हवा से प्रदूषण की स्थिति में कमी आई। औसत एक्यूआई 116 दर्ज हुआ। रात 12 बजे के बाद मेरठ में पीएम-10 एवं पीएम-2.5 के स्तर दस से नीचे तक पहुंच गए। यह स्थिति पहाड़ों में हवा की गुणवत्ता जैसी है।
पूर्वांचल में कोहरे के बाद बादलों का डेरा
पूर्वी यूपी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कड़ाके की सर्दी के बाद अब बादल छाए हैं। गुरुवार की शाम को हल्की बूंदाबांदी भी हुई। ठंडी हवाएं चलीं। हवा में नमी बढ़ गई। हालांकि बादलों की मौजूदगी के कारण रात के तापमान में इजाफा हो गया है। गुरुवार की सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे। कोहरे की हल्की परत छाई रही। दिन चढ़ने के साथ कोहरा पूरी तरह छंट गया। दोपहर बाद फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा।
आसमान में हल्के काले बादल छा गए। शाम को महानगर के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 23.4 और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की उछाल भी हुई है। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि अगले पांच दिनों तक आसमान में बदल मौजूद रहेंगे। आगामी चार व पांच फरवरी को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
 

Hindi News/ Prayagraj / कल से बढ़ेगी भयंकर ठंड, भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी

ट्रेंडिंग वीडियो