हमले में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आसपास के लोगों ने पुलिस के सहयोग से तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति गम्भीर बनी हुई है।
उत्तरप्रदेश के मोहम्मदपुर क्षेत्र के ग्राम गोसंबी निवासी 35 वर्षीय मनोज कुमार गुप्ता पिता सदाशिव गुप्ता ट्रक क्रमांक ओडी 15 बी-6892 में बाइक लोड कर ओडिशा की तरफ जा रहा था। ओडिशा सम्बलपुर जाने से पूर्व वह ग्राम लटोरी के मानव ढाबा में खाना खाकर वहीं सो गया था। देर रात लगभग 2 से 2.30 बजे के बीच ढाबा में 3 से 4 युवक पहुंचे।
उन्होंने सो रहे ट्रक चालक की जेब में धीरे से ब्लेड मारकर रखे रुपए (Loot) को निकाल लिए। पॉकेट काटने का अहसास होने पर ट्रक चालक उठ गया। उसने युवकों को पकडऩे के लिए दौड़ाना शुरु कर दिया। कुछ दूर तक उसने युवकों को दौड़ाया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर युवकों ने चालक को पकड़ लिया।
इसके बाद चारों ने उसकी पहले जमकर पिटाई की और चाकू व रॉड से हमला कर दिया। हमले से ट्रक चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसकी आवाज सुनकर ढाबा में काम करने वाले कर्मचारियों ने लटोरी चौकी पुलिस को सूचना दी। फिर पुलिस की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। यहां ट्रक चालक की स्थिति गम्भीर बनी हुई है।
बनारस मार्ग पर पहले भी होती रही है लूटपाट
अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर इससे पहले भी युवकों के गिरोह (Loot gang) द्वारा लूटपाट व मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। ऐसे में उक्त मार्ग पर पुलिस की रात्रि गश्त न होने से उनके हौसले बुलंद हैं।