scriptउपराष्ट्रपति के हाथों सरगुजा के इस पंचायत को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार, जानिए क्यों.. | Ambikapur- This panchayat got the national award | Patrika News
अंबिकापुर

उपराष्ट्रपति के हाथों सरगुजा के इस पंचायत को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार, जानिए क्यों..

उपराष्ट्रपति व केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के हाथों सांसद आदर्श ग्राम पंचायत को दिया गया यह पुरस्कार, कमिश्रर व कलक्टर ने दी बधाई

अंबिकापुरSep 09, 2017 / 01:30 pm

rampravesh vishwakarma

Sarguja got National award in literate India

Sarguja got award

अम्बिकापुर. अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भारत के उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू एवं केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रप्रकाश जावड़ेकर द्वारा नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में सरगुजा जिले के करम्हा ग्राम पंचायत को साक्षर भारत के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
ग्राम पंचायत की ओर से यह पुरस्कार जिला लोक शिक्षा समिति के सदस्य सचिव अनुराग पाण्डेय एवं जिला परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता ने प्राप्त किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सचिव श्याम साहू एवं प्रेरक प्यारेलाल उपस्थित थे।

गौरतलब है कि भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा अम्बिकापुर विकासखण्ड के सांसद आदर्श ग्राम करम्हा का चयन साक्षर भारत के राष्ट्रीय पुरस्कार 2017 हेतु किया गया। इस ग्राम पंचायत में ग्राम के सभी 575 साक्षर लोगों को बुनियादी साक्षरता की तालीम दी गई। ग्राम के उत्साही छात्र-छात्राओं ने साक्षर लोगों को पूरी निष्ठा एवं नियमितता के साथ साक्षर किया, जिसके फलस्वरूप इन विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में बोनस अंक प्राप्त हुए। ग्राम के सभी परिवारों में से एक-एक व्यक्ति को डिजिटल साक्षर बनाया गया तथा वर्तमान में परिवार के सभी लोगों को डिजिटल साक्षरता की जानकारी दी जा रही है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत शत-प्रतिशत लोगों के खाते बैंक में खुलवाए गए। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत भी सभी लोगों का बीमा कराया गया।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत ग्राम के 179 परिवारों को रसोई गैस उपलब्ध कराया गया। संभागायुक्त रीता शांडिल्य द्वारा करम्हा ग्राम पंचायत को साक्षर भारत पुरस्कार प्राप्त होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दी गई है।
उन्होंने कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए लोगों को जागरूक होना आवश्यक है। कलक्टर किरण कौशल ने करम्हा ग्राम पंचायत को पुरस्कृत होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों तथा साक्षरता से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करने का आग्रह किया है।

सांसद व विधायक ने दी बधाई
सांसद कमलभान सिंह ने ग्राम पंचायत को साक्षर भारत पुरस्कार प्राप्त होने पर जिला प्रशासन द्वारा ग्राम विकास के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास के लिए प्रतिबद्ध प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशानुसार करम्हा ग्राम का चयन कर ग्राम विकास के समुचित एवं सार्थक प्रयास किए गए।
लुण्ड्रा विधायक चिंतामणी महाराज ने साक्षरता के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होने पर ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा है कि ग्राम के सर्वांगीण विकास के लिए लोगों का शिक्षित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी ग्रामीणों के साक्षर होकर विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने पर हर्ष व्यक्त किया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो