अंबिकापुर. शहर के नवापारा निवासी बुजुर्ग महिला के गले से बुधवार की रात स्कूटी सवार युवक सोने की चेन लूटकर फरार हो गया। घटना के दौरान वृद्धा दुकान से वॉकर के सहारे अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान नकाबपोश स्कूटी सवार वहां आया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वृद्धा के परिजनों ने गांधीनगर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की खोजबीन में जुट गई है।