अहमदाबाद

साणंद-वीरमगाम हाइवे से एक करोड़ से अधिक की विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार, 5 फरार

आरोपी राजस्थान के बाड़मेर का निवासी, कंटेनर में 1200 बॉक्स में भरी थीं 32,392 बोतलें, वीरपुर पाटिया के पास स्थानीय पुलिस ने की कार्रवाई
2 min read
sanand gidc police
साणंद जीआइडीसी पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

Ahmedabad. भावनगर में नकली शराब मामले के सामने आने के बाद अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस भी शराब तस्करी और अवैध बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई में जुटी है। इसी के तहत साणंद जीआइडीसी पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साणंद-वीरमगाम हाइवे पर वीरपुर पाटिया के पास एक कंटेनर से 1.11 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की अवैध विदेशी शराब जब्त की है। कंटेनर में करीब 1,200 बॉक्स में कुल 32,392 बोतलें भरी हुई थीं। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस मामले में कंटेनर चालक करताराम मेघवाल (30) को गिरफ्तार किया। आरोपी राजस्थान के बाड़मेर जिले की धोरीमना तहसील के पुरवा का रहने वाला है। जब्त शराब, ट्रक-कंटेनर, तीन मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 1.36 करोड़ रुपए का मुद्दामाल जब्त किया।

साणंद जीआइडीसी थाने के पुलिस निरीक्षक ए.एम. देसाई ने सोमवार को मीडिया को बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर रविवार को यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने कंटेनर की जांच की तो उसमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। जिसकी कीमत 1.1 करोड़ रुपए आंकी गई है।

अजमेर के व्यक्ति की ओर से भेजी गई थी

पुलिस के अनुसार जब्त की गई 1.11 करोड़ की विदेशी शराब को राजस्थान के अजमेर निवासी सुरेन्द्र यादव की ओर से भेजी गई थी। इस शराब को राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोला डेर निवासी मेहराराम की मालिकी के कंटेनर में भरकर सुरेन्द्रनगर ले जाया जा रहा था। इसे सुरेन्द्रनगर जिले के सुदामडा गांव निवासी देवेन्द्र उर्फ देंडू बोरिया, नागराज खाचर और देवायत खरताणी की ओर से मंगाए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में इन पांचों आरोपियों को फरार घोषित किया गया है।

पूरी सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब शराब की खरीद और प्राप्ति से लेकर उसकी आर्थिक व्यवस्था, लोडिंग, परिवहन और खेप पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है। जांच के दौरान शराब की पूरी सप्लाई चेन को ट्रेस कर इसमें शामिल लोगों को पकड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

Updated on:
24 Aug 2026 09:55 pm
Published on:
24 Aug 2026 09:55 pm