
Ahmedabad police (फोटो पत्रिका नेटवर्क)
अहमदाबाद। शहर के मणिनगर इलाके में सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को बदनाम करने का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि एक विवाहित महिला के प्रेमी ने उसकी विवाहित प्रेमिका की देवरानी और ननद की फोटो, वीडियो का दुरुपयोग कर उसे आपत्तिजनक तरीके से सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपी पर इंस्टाग्राम पर देवरानी और ननद की आपत्तिजनक रील बनाकर अपलोड कर उन्हें बदनाम करने का आरोप है। इस संबंध में देवरानी ने उसकी जेठानी के प्रेमी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एफआइआर के तहत 19 अगस्त की शाम महिला (देवरानी) उसके पति के साथ बैठकर मोबाइल देख रही थी। इस दौरान उसे एक अनजान नंबर से मैसेज आया, जिसमें महिला (देवरानी) की किसी अन्य व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें थीं। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर भी इसी तरह की आपत्तिजनक रील शेयर की गई थीं।
इस मामले में महिला (देवरानी) ने ससुराल के अन्य लोगों से अपने स्तर पर बातचीत की तो सामने आया कि यह हरकत उसकी जेठानी का प्रेमी कर रहा है। उसने केवल देवरानी की ही नहीं बल्कि देवरानी की ननद की तस्वीरों का भी कथित तौर पर दुरुपयोग करते हुए उससे आपत्तिजनक रील बनाई और सोशल मीडिया पर उसे भी अपलोड किया है। ऐसा कर उसे, ननद को और परिवार को बदनाम किया गया है। इतना ही नहीं प्राथमिकी में बताया कि देवरानी की जेठानी कुछ दिनों पहले ही घर से चली भी गई थीं।
शिकायतकर्ता महिला (देवरानी) का आरोप है कि आरोपी बार-बार ऐसी रील अपलोड कर उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। आखिरकार पीड़िता ने मणिनगर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस संबंध में शनिवार को बीएनएस और आइटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Updated on:
24 Aug 2026 10:23 am
Published on:
24 Aug 2026 10:23 am
