अहमदाबाद

Ahmedabad: वासणा में घर के बाहर सो रहे राजस्थान मूल के युवक की हत्या

-भरवाड़वास में अज्ञात व्यक्ति ने तीक्ष्ण हथियार से किया हमला, चिल्लाने पर जागी बहन बचाने को दौड़ी, आरोपी हुआ फरार
less than 1 minute read
Hitesh Meghwal
हितेष मेघवाल (मृतक की फाइल फोटो)।

Ahmedabad. शहर के वासणा क्षेत्र के भरवाडवास में घर के बाहर सो रहे राजस्थान मूल के युवक सोते समय ही तीक्ष्ण हथियार से हमला कर हत्या करने का मामला सामने आया है। सोमवार मध्यरात्रि बाद 2.30 बजे के करीब अज्ञात व्यक्ति ने चार पाई पर सो रहे युवक पर हमला कर दिया। चिल्लाने पर पास में सो रही बहन जाग गई। यह देख आरोपी वहां से फरार हो गया।

वासणा पुलिस के अनुसार इस मामले में मृतक युवक की बहन ज्योति मेघवाल (19) की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया। भरवाडवास में किराए के मकान में रहने वाला मूलरूप से राजस्थान के उदयपुर जिले की नवागाम तहसील के बलीचा गांव निवासी हितेष मेघवाल (25) परिजनों के साथ घर के बाहर सो रहा था। मध्यरात्रि बाद एक अज्ञात जैकेट और टॉपी पहनकर आए व्यक्ति ने तीक्ष्ण हथियार से सो रहे हितेष मेघवाल के पेट पर हमला करना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर पड़ोस में सो रही बहन ज्योति जाग गई। उसने हमलावर से कहा कि वह उसके भाई को क्यों मार रहा है।

बहन के जागने पर भागा आरोपी

यह सुनने के बाद और ज्योति के जाग जाने पर आरोपी फरार हो गया। ज्योति की मदद की पुकार सुनकर पड़ोस के लोग भी जाग गए। हितेष के शरीर से खून बह रहा था। किसी के 108 एंबुलेंस को फोन करने पर एबुलेंस भी मौके पर आ गई, हालांकि टीम ने हितेष को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में सामने आया कि हितेष फर्नीचर के कारखाने में नौकरी करता था। उसकी हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Updated on:
24 Mar 2026 10:16 pm
Published on:
24 Mar 2026 10:15 pm