अहमदाबाद

अहमदाबाद में महिला सहकर्मी के सामने स्पा मैनेजर की हत्या, दो दिन पहले ही जॉइन की थी नौकरी

अहमदाबाद के नरोडा क्षेत्र में स्पा मैनेजर दशरथ मीणा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पांच हमलावरों ने पहले पिटाई की और फिर चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है, पुलिस जांच में जुटी है।
2 min read
spa manager killed
spa manager killed (Photo AI Generated)

अहमदाबाद। शहर के नरोडा थाना क्षेत्र के हंसपुरा में एक स्पा के मैनेजर की पिटाई करने के बाद उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंककर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हंसपुरा के एक कॉम्प्लेक्स की चौथी मंजिल पर चल रहे स्पा में 5 हमलावरों ने घुसकर मैनेजर दशरथ मीणा की पिटाई शुरू कर दी। लात-घूसों व डंडों से पिटाई करने के बाद आरोपियों ने उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया। नीचे गिरते ही गंभीर चोटों के कारण दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर नरोडा पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमों ने मौके पर पहुंची। पूरी वारदात स्पा और कॉम्प्लेक्स में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई जिसके फुटेज भी सामने आए हैं।

मुखबिरी के शक में देर रात हुई वारदात

क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वी.एन.यादव ने बताया कि बुधवार को शहर के ओढ़व इलाके में एक स्पा पर पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की थी। उस स्पा के संचालक को शक था कि उसके यहां हुई पुलिस की रेड में मुखबिरी नरोडा के स्पा संचालक ने की है। इसके चलते ही यह हमला कराया गया है।

संचालक को मारने पहुंचे थे

पुलिस सूत्रों के मुताबिक ओढव के स्पा संचालक ने उसके लोगों को मंगलवार रात करीब 8 बजे पहली बार नरोडा के स्पा भेजा। दूसरी बार बुधवार आधी रात बाद करीब 12.30 बजे 4- 5 बदमाश दोबारा स्पा में घुसे और तोड़फोड़ करने लगे। दरअसल, वे इस स्पा के संचालक को मारने पहुंचे थे, लेकिन वहां मैनेजर दशरथ मौजूद था तो बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

दो दिन पहले ही मैनेजर के रूप में शुरू किया था काम

जांच में सामने आया कि दशरथ ने दो दिन पहले ही नरोडा के स्पा में काम करना शुरू किया था। स्पा और कॉम्पलेक्स में लगे सीसीटीवी के फुटेज में हमलावर स्पा के भीतर तोड़फोड़ करते, पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Updated on:
07 Aug 2026 10:13 am
Published on:
07 Aug 2026 10:13 am