अहमदाबाद

हिम्मतनगर-खेडब्रह्मा रेलवे लाइन जल्द से जल्द चालू हो

लोकसभा सांसद शोभना बारैया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सौंपा पत्र, साबरकांठा-अरवल्ली जिलों में रेलवे सुविधाओं को और बेहतर बनाने की मांग

2 min read

हिम्मतनगर. लोकसभा सांसद शोभना बारैया ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान पत्र सौंपकर साबरकांठा लोकसभा सीट के तहत साबरकांठा एवं अरवल्ली जिलों में रेल सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने एवं एवं आवश्यक संरचनात्मक कार्य की मांग की।
उन्होंने पत्र में लिखा है कि खेडब्रह्मा से हडाद-अंबाजी तक नई रेलवे लाइन के लिए जो डीपीआर स्वीकृत की गई है, उसका अनुमान तत्काल तैयार किया जाए और उसकी राशि शीघ्र स्वीकृत हो। हिम्मतनगर-खेडब्रह्मा रेलवे लाइन पर रेलवे संरक्षा आयुक्त एवं प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता की ओर से निरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। इसलिए यह रेलवे लाइन जल्द से जल्द चालू हो।

खेडब्रह्मा से मुंबई तक सीधी ट्रेन शुरू की जाए

क्षेत्र के नागरिकों को वडोदरा, सूरत, वापी, वलसाड और मुंबई जाने के लिए अहमदाबाद जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जो लगभग 80 किमी दूर है। दोनों जिलों के यात्रियों को अहमदाबाद, सूरत, वापी, वलसाड और मुंबई जाने के लिए निजी साधनों का उपयोग करना पड़ता है, जिससे समय और धन का नुकसान होता है। इसलिए खेडब्रह्मा से मुंबई तक सीधी ट्रेन शुरू की जाए। रेल मंत्री ने अहमदाबाद में कालूपुर रेलवे स्टेशन का काम पूरा होने के बाद ट्रेनें शुरू करने का आश्वासन दिया।
सांसद ने लिखा कि मुंबई से अहमदाबाद आने वाली कई ट्रेनें अहमदाबाद में 10 से 12 घंटे तक रुकती हैं, इसलिए उनमें से किसी एक ट्रेन को हिम्मतनगर या खेडब्रह्मा तक बढ़ाया जाए। नडियाद-कपडवंज-बायड-मोडासा रेलवे लाइन पर लगभग 53 रेलवे फाटकों के कारण पहले चलने वाली नडियाद-मोडासा ट्रेन बहुत धीमी गति से चलती थी, जिससे यात्रियों की संख्या कम हो गई थी। इसलिए रेलवे की गति बढ़ाने के लिए छोटे ग्रामीण मार्गों पर अंडरपास, तथा राज्य राजमार्ग वाले फाटकों पर फ्लाईओवर ब्रिज और पास-पास स्थित अंडरपास के लिए आरसीसी सर्विस रोड बनाई जाए। इन सभी मुद्दों पर रेल मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया और यथासंभव शीघ्र समाधान लाने का आश्वासन दिया।

Published on:
24 Mar 2026 10:22 pm
Also Read
View All

अगली खबर