
अहमदाबाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अहमदाबाद सहित देशभर के 40 स्थानों पर शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन हुआ। इनमें 51 हजार से अधिक नव-नियुक्तों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
अहमदाबाद में सरदार पटेल राष्ट्रीय स्मारक सभागार में आयोजित रोजगार मेले का शुभारंभ केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री निमुबेन बांभणिया ने किया। इस अवसर पर डाक विभाग, रेलवे, आयकर, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के 155 नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें 29 महिला अभ्यर्थी भी शामिल थीं।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि इस रोजगार मेले के अवसर पर प्राप्त होने वाला नियुक्ति पत्र सिर्फ एक कागज या दस्तावेज मात्र नहीं है, बल्कि जीवन भर देश की सेवा करने का संकल्प लेने का एक सुनहरा अवसर है। इस अवसर पर महापौर प्रतिभा जैन, विधायक कौशिक जैन भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय राज्यमंत्री निमुबेन ने कहा कि यह रोजगार मेला युवाओं के लिए दीपावली का अनमोल उपहार है। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों ने रोजगार सृजन को नई दिशा दी है। देश में 1.6 लाख स्टार्टअप से 17.6 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। पीएम सेतु के माध्यम से आईटीआई संस्थानों का उन्नयन हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश के माध्यम से युवाओं को कहा कि ये नियुक्तियां केवल सरकारी नौकरियां नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर हैं। उन्होंने कहा कि जो उम्मीदवार यूपीएससी की अंतिम सूची तक पहुंचे, लेकिन सेलेक्ट नहीं हुए, उनकी मेहनत भी अब व्यर्थ नहीं जाएगी। ‘प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से निजी व सार्वजनिक संस्थान इन युवाओं को आमंत्रित कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने आइ-गोट कर्मयोगी भारत प्लेटफार्म की उपयोगिता पर भी जोर दिया, जिसमें लगभग 1.5 करोड़ सरकारी कर्मचारी पहले से ही प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने नव-नियुक्तों को इस प्लेटफार्म से जुड़ने और नए कार्य संस्कृति व अच्छे शासन की भावना को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जीएसटी बचत उत्सव के माध्यम से इस त्योहारी मौसम में भी रोजगार सृजन में योगदान मिल रहा है।