अहमदाबाद

गुजरात प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अमित चावड़ा ने संभाला पदभार

डॉ. तुषार चौधरी ने विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का पद ग्रहण किया
2 min read
Feature image

डॉ. तुषार चौधरी ने विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का पद ग्रहण किया

गुजरात प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अमित चावड़ा ने मंगलवार को पदभार संभाल लिया। उनके साथ ही गुजरात विधानसभा में कांग्रेस विधायक दलके नेता के रूप में डॉ. तुषार चौधरी ने भी पद ग्रहण किया।इससे पूर्व दोनों नेताओं ने नगरदेवी भद्रकाली मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि अर्पित की और पिर रैली भी निकाली।

गुजरात प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी मुकुल वासनिक की उपस्थिति में पालडी स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पदग्रहण समारोह में नवनियुक्त अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि वे गुजरात के लोगों की आवाज बनेंगे। वे राज्य के लोगों को परेशान कर रहीं बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य में आने वाली खामियों का पूरे जोर से विरोध करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए वे अकेले ही नहीं बल्कि सभी को साथ मिलकर कार्य करना होगा।गुजरात कांग्रेस प्रभारी मुकुल वासनिक ने कहा कि अब तक अध्यक्ष रहे शक्तिसिंह गोहिल ने अपनी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया था, लेकिन नैतिक जिम्मेदारी अकेले शक्तिसिंह नहीं बल्कि उनकी भी (वासनिक) और अन्य नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की भी है।

संख्या में कम लेकिन अनुभवी हैं विधायक

डॉ. तुषार चौधरी ने कहा कि उनके पास भले ही विधानसभा में कम विधायक हैं, लेकिन जो विधायक हैं वे काफी अनुभवी हैं। वे सरकार की दुखती नस को दबाने वाले हैं।

2027 में कांग्रेस की बनेगी सरकार : चावड़ा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की शपथ लेने के दौरान चावड़ा ने उम्मीद जताई कि आगामी 2027 में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत तय है। इससे पूर्व राज्य के नपा व नगरपालिका चुनाव में भी कांग्रेस की जीत की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लोगों कार्यकर्ताओं को एक साथ मिलकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि अब शासन को बदलने का समय आ गया है।

दोनों की जोड़ी रंग लाएगी: गोहिल

राज्य सभा सांसद व गुजरात प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि अमित चावड़ा और डॉ. तुषार चौधरी की जोड़ी राज्य में रंग लाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों ही नेता अनुभवी हैं। एक वर्ष बाद राज्यसभा सांसद का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। उसके बाद वे पूर्व अध्यक्ष नहीं बल्कि एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में पार्टी में काम करते रहेंगे। गोहिल ने ब्रिज टूटने के मुद्दे पर सरकार पर खूब प्रहार किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में बनाए गए ब्रिज अभी तक सुरक्षित हैं जबकि भाजपा की सरकार में बनाए गए कई ब्रिज कुछ ही दिनों में टूट गए हैं। दग्रहण समारोह में गुजरात प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल, जगदीश ठाकोर, सीनियर नेता मधुसूदन मिस्त्री, विधायक जिग्नेश मेवाणी, सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई, समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

Updated on:
22 Jul 2025 10:35 pm
Published on:
22 Jul 2025 10:35 pm