वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के साथ संवाद कार्यक्रम
अहमदाबाद. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद रेल मंडल में वाणिज्य विभाग में कार्यरत रेल कर्मचारियों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पश्चिम रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक तरुण जैन ने अहमदाबाद रेल मंडल में यात्री सेवाओं एवं राजस्व वृद्धि पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में यात्री सेवाओं में सुधार, कार्यकुशलता बढ़ाने एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल व्यवस्था, खानपान की गुणवत्ता, लिनेन की उपलब्धता एवं स्वच्छता से संबंधित मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा सुधार के आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में बुकिंग क्लर्क, रिजर्वेशन क्लर्क, कमर्शियल सुपरवाइजर, कमर्शियल इंस्पेक्टर, टिकट चेकिंग स्टाफ, कैटरिंग स्टाफ एवं वाणिज्य विभाग के रेल कर्मचारियों को अपनी समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों को सीधे उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर प्राप्त हुआ। फील्ड स्तर पर आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए मार्गदर्शन किया गया। कर्मचारियों को नीतियों एवं नई पहलों की जानकारी देकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रेरित किया गया। संवाद के माध्यम से प्रशासन एवं कर्मचारियों के बीच पारदर्शिता एवं विश्वास को और सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।
अर्जित किया ₹1755 करोड़ का यात्री राजस्व
अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि अहमदाबाद रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 20 मार्च तक ₹1755.94 करोड़ का यात्री राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 6.94% अधिक है। साथ ही, इस अवधि में 39.14 मिलियन यात्रियों को सेवाएं प्रदान की गईं।
इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (यात्री विपणन) एवं मुख्य दावा अधिकारी जगदीश प्रसाद, अहमदाबाद के अपर मंडल रेल प्रबंधक मंजु मीना, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अन्नू त्यागी सहित वाणिज्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों से वाणिज्य विभाग के कर्मचारी भी इस संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।