अजमेर

Pushkar Accident: पुष्कर में डेजर्ट सफारी के दौरान तेज रफ्तार जीप धोरों पर पलटी, 18 पर्यटक घायल

पुष्कर के रेतीले धोरों में डेजर्ट सफारी के दौरान तेज रफ्तार जीप पलटने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें उदयपुर के 18 पर्यटक घायल हो गए।
2 min read
May 28, 2026
Pushkar Desert Safari Incident
जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में उपचार करवाते घायल। फोटो- पत्रिका

अजमेर। पुष्कर के रेतीले धोरों में डेजर्ट सफारी के दौरान गुरुवार को तेज रफ्तार जीप पलट गई। हादसे में उदयपुर से पुष्कर घूमने आए 18 लोग घायल हो गए। घायलों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुष्कर थाना पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल में जुटी है। पुलिस के अनुसार उदयपुर के निकट बलाना कलां गांव निवासी पंकज जैन ने बताया कि वह मुंबई में व्यवसाय करते हैं। परिवार के 18 सदस्यों के साथ वह पुष्कर घूमने आए थे।

यह वीडियो भी देखें

रेतीले धोरों में सफारी के दौरान परिवार के लोग जीप में सवार थे। अचानक तेज रफ्तार जीप धोरों में पलट गई। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। एक सदस्य की कमर में भी चोट आई है। घायलों को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तेज दौड़ा रहा था जीप

पर्यटक परिवार के सदस्यों ने बताया कि चालक जीप को धोरों में तेज गति से दौड़ा रहा था। उन्होंने उसे वाहन धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। धोरों में घूमने से पहले उन्होंने ज्यादा सदस्य होने के कारण दो जीप में बैठाने की बात कही थी, लेकिन संचालक ने एक ही वाहन को पर्याप्त बताते हुए सभी को उसी में बैठा दिया।

यह हुए घायल

घायलों में उदयपुर के मावली निवासी शैलेन्द्र जैन, उनकी मां रूपी देवी (75), पत्नी टीना जैन, पुत्री पलक, पुत्र संयम, भाई पंकज, अनुशिका पत्नी पंकज जैन, कल्पना पत्नी अर्जुन जैन, रौनक पुत्र अर्जुन जैन, हिमानी पुत्री अर्जुन जैन, सुनील पुत्र दयालाल जैन, रेखा पत्नी सुनील जैन, विरल पुत्र सुनील जैन, समयक पुत्र सुनील जैन, निर्मल पुत्र करणसिंह जैन, मनीषा पत्नी निर्मल जैन, विधिका पुत्री निर्मल जैन और नक्ष पुत्र निर्मल जैन शामिल हैं। सभी को चोटें आई हैं। घायलों में छह लोगों को ज्यादा चोट आई है। इन्हें जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

पुष्कर में डेजर्ट सफारी के दौरान पहले भी हादसे हो चुके हैं। यहां करीब 60 डेजर्ट सफारी वाहन संचालित हो रहे हैं। साल 2022 में एक वाहन पलटने से नौ पर्यटक घायल हो गए थे। यहां प्रतिदिन 500 से अधिक पर्यटक आते हैं। डेजर्ट सफारी वाहनों को मॉडिफाई करने के दौरान कई सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई है। कई वाहन बिना परमिट और रजिस्ट्रेशन के भी दौड़ रहे हैं।

Updated on:
28 May 2026 02:39 pm
Published on:
28 May 2026 02:38 pm