अजमेर

राजस्थान: खेत में गड़ा खजाना चोरी करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार, सोना-चांदी समेत 1.25 करोड़ का माल और 17.44 लाख रुपए बरामद

Nasirabad News: नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने खेत की खुदाई से मिले कीमती धातुओं और पुराने शंखों की चोरी के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से करीब 1.25 करोड़ रुपए का माल और 17.44 लाख रुपए नकद बरामद हुए हैं।
2 min read
Aug 15, 2026
nasirabad theft case
खुदाई के दौरान जमीन से निकले जेवरात व जब्त किया अन्य सामान (फोटो: पत्रिका)

7 Arrested In Theft Case: खेत की खुदाई में मिले सोना, चांदी, तांबा और अन्य कीमती धातुओं से बनी वस्तुओं और पुराने शंखों की चोरी के मामले मेंअजमेर जिले की नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से करीब 1.25 करोड़ रुपए मूल्य का माल और 17 लाख 44 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। अब भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों के प्रकरण में लिप्त होने और कीमती आभूषण चुराने की बात सामने आई है।

थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी ने बताया कि 12 अगस्त को बिठूर में करीब 2 माह पहले खेत की खुदाई के दौरान सोना, चांदी, तांबा आदि कीमती धातुओं से बनी वस्तुएं और पुराने शंख मिलने की सूचना मिली थी। कुछ लोग इन्हें मौके से चोरी कर ले गए थे। मामले की गंभीरता देखते हुए आइजी डॉ. रवि, एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, एएसपी राजेश कुमार मील और वृत्ताधिकारी लक्ष्मणराम चौधरी के निर्देशन पर टीम गठित की गई। पुलिस ने राजस्व टीम के साथ मौका मुआयना कर जांच शुरू की। घटनास्थल पर JCB से खुदाई के साक्ष्य मिले थे।

इन्हें किया गिरफ्तार

पुलिस ने बिठूर निवासी फिरोज खान, कादर मेहरात, धोलादांता बूबानिया निवासी शंकर सिंह, हरलाल रावत, जयसिंह, महावीर सिंह और नारायण सिंह रावत को गिरफ्तार किया। आरोपियों से सोने-चांदी और तांबे की वस्तुओं के साथ चोरी का माल बेचकर मिली नकदी बरामद हुई। पुलिस ने बरामद सामान को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है।

ये किया बरामद

अजमेर जिले की नसीराबाद सदर थाना पुलिस के अनुसार करीब 700 ग्राम सोना, 310 ग्राम चांदी, ढाई किलो तांबे की छड़ और तार और दो शंख बरामद किए गए हैं। बरामद सोने में प्लेटें, डलियां और जेवर शामिल हैं। इसके अलावा 17.44 लाख रुपए नकद मिले हैं। कुल बरामदगी की कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपए बताई गई है।

बड़ी मात्रा में माल खुर्द-बुर्द होने की आशंका

पुलिस के अनुसार घटना करीब 2 माह पुरानी थी। घटनास्थल खेतों के बीच होने और आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस के सामने चुनौती थी। पुलिस ने आसूचना, तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। थानाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के खजाना ले जाने की बात सामने आई है। कुछ लोगों ने माल खुर्द-बुर्द भी कर दिया। पुलिस अन्य आरोपियों और चोरी किए गए माल की तलाश में जुटी है।

Updated on:
15 Aug 2026 07:26 am
Published on:
15 Aug 2026 07:26 am