
अजमेर जिले के माखूपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात आरएसी के एक जवान ने गोली मार ली, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ सहित पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, माखूपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के मद्देनजर स्ट्रांग रूम बनाया गया है। इसकी सुरक्षा के लिए आरएसी के जवान नरेंद्र को तैनात किया गया था। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे स्ट्रांग रूम के बाहर ड्यूटी के दौरान जवान के साथ यह दुर्घटना घटित हुई। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्य में जुट गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।