अजमेर

झूला… म्यूज़िकल चेयर… चाट-पतासी, मेले में पहुंचकर बच्ची बनीं डिप्टी सीएम दीया कुमारी, खुद शेयर किया वीडियो 

Diya Kumari Viral Video: अजमेर के स्कूल में आयोजित 'मातृशक्ति मानसून फेस्ट' में पहुंचीं डिप्टी सीएम दीया कुमारी। झूला, म्यूजिकल चेयर और चाट का उठाया लुत्फ। देखें वायरल वीडियो।
2 min read
Aug 24, 2026
diya kumari ajmer school monsoon fest viral video 2026
Diya Kumari in Ajmer Fest - PIC

राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी रविवार को अजमेर में आयोजित 'मातृशक्ति मानसून फेस्ट' में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं, जहां उनका एक खास और अनूठा अंदाज देखने को मिला। प्रशासनिक और राजनीतिक व्यस्तताओं से दूर डिप्टी सीएम मेले में पहुंचकर पूरी तरह से संडे मूड में नजर आईं। उन्होंने न केवल इस मानसून मेले का भव्य शुभारंभ किया, बल्कि मेले के हर रंग का लुत्फ उठाते हुए एक छोटी बच्ची की तरह झूले झूले, म्यूजिकल चेयर खेली और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी चखा।

उनके साथ अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक अनिता भदेल भी मौजूद रहीं। दोनों महिला नेताओं ने एक साथ मेले की अलग-अलग गतिविधियों में हिस्सा लेकर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और बच्चों का उत्साह दोगुना कर दिया।

झूले की मस्ती, म्यूजिकल चेयर, चाट-पताशी का आनंद

मुख्य अतिथि के रूप में मेले में पहुंचने के बाद दीया कुमारी ने बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए गए झूलों में बैठकर खूब मस्ती की। डिप्टी सीएम दीया कुमारी और विधायक अनिता भदेल एक साथ बच्चों वाले झूले में बैठीं और खिलखिलाती नजर आईं।

उन्होंने मेले में आयोजित म्यूजिकल चेयर गेम और हाउजी प्रतिस्पर्धा में भी हिस्सा लिया, जिससे वहां मौजूद बच्चे और अभिभावक काफी उत्साहित दिखे। मेले की रौनक का आनंद लेने के बाद उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विधायक अनिता भदेल के साथ मिलकर चटपटे पानी-पताशे (चाट-पतासी) के भी खूब चटकारे लिए।

सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

कार्यक्रम के बाद उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस सुखद अनुभव का एक वीडियो पोस्ट किया। साथ में लिखा, "मेले की रौनक, झूले की मस्ती और बचपन जैसी मुस्कान... अजमेर के एक स्कूल में आयोजित मातृशक्ति मानसून फेस्ट में शामिल होकर बचपन की यादें ताजा हो गईं।"

फेस्ट में उमड़ी महिलाओं-बच्चों की भीड़

अजमेर के स्कूल परिसर में आयोजित इस फेस्ट में मातृशक्ति का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए। मेले में लगे हस्तशिल्प स्टॉलों, खान-पान की दुकानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने हर किसी का मन मोह लिया।

Updated on:
24 Aug 2026 08:38 am
Published on:
24 Aug 2026 08:38 am