अजमेर

बोले लखावत…कांग्रेस पूछ रही आउट ऑफ कोर्स सवाल, पायलट अपनी सरकार के काम तो गिनाएं

www.patrika.com/rajasthan-news

2 min read
Oct 07, 2018
BJP state govt

अजमेर.

प्रदेश महामंत्री एवं राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकारसिंह लखावत ने कहा कि कांग्रेस विकास के मुद्दे पर चुनाव नहीं लडऩा चाहती। राजस्थान में भाजपा को 2013 में जनादेश मिला और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पौने पांच साल में बिजली, शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विकास कार्य करवाएं हैं। लेकिन कांग्रेस आंकड़ों से भाग रही है और आउट ऑफ कोर्स बातें कर रही है। इसके लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट को जवाब देना पड़ेगा।

अजमेर में पत्रकारों से बातचीत में लखावत ने कहा कि भाजपा सरकार के पांच साल के विकास के मुद्दे को एक पाठ्यक्रम करार देते हुए कांग्रेस पर पलटवार में कहा कि कांग्रेस अपने पिछले पांच साल एवं भाजपा सरकार के पौने पांच साल के कालखंड में विकास कार्यों का आकलन करने को तैयार नहीं है। मुख्यमंत्री राजे अपने कार्यकाल में कराए विकास कार्यों एवं जनता को हिसाब देने के लिए गौरव यात्रा कर रही हैं। लेकिन पायलट इस बात को समझना ही नहीं चाहते। लखावत ने कहा कि अजमेर में आजादी के बाद की सबसे बड़ी सभा हुई है।

उपचुनाव की हार पर कहा- हम नहीं रख पाए अपनी बात

अजमेर लोकसभा उपचुनाव हारने के सवाल पर लखावत ने स्वीकार किया कि हम अपनी बात जनता तक ठीक से नहीं पहुंचा पाए। उन्होंने कहा कि गौरव यात्रा अजमेर जिले में नहीं आने के पीछे यह वजह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा का कार्यक्रम तय हो गया। इसके चलते गौरव यात्रा जिले में नहीं आई।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री बीरमदेव सिंह, जिलाध्यक्ष अरविन्द यादव, गौरव यात्रा संयोजक पूर्णांशंकर दशोरा, राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण सदस्य कंवल प्रकाश किशनानी, अनीश मोयल, जितेन्द्र मित्तल उपस्थित रहे।

-------------------------------------------------------------

विकास कार्य आंकड़ों की जुबानी लखावत ने कहा कि कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल में 6288 मेगावाट बिजली उत्पादन की भाजपा ने पौने चार साल में 6733 मेगावाट बिजली उत्पादन किया। कांग्रेस ने सौर ऊर्जा से 667 मेगावाट तो भाजपा ने 1613 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया। बिजली में किसानों को 8320 करोड़ रुपए अनुदान दिया तो भाजपा ने 29244 करोड़ रुपए का अनुदान दिया।

बिजली की गुणवत्ता में कांग्रेस ने 32560 करोड़ रुपए तो भाजपा ने पौने चार साल में 1 लाख 30 हजार 560 करोड़ रुपए खर्च किए। पेयजल पर कांग्रेस ने 9720 करोड़ भाजपा ने 19712 करोड़ रुपए खर्च किए। सडक़ों पर कांग्रेस ने 15 हजार करोड़, भाजपा ने 23 हजार करोड़ रुपए खर्च किए। कांग्रेस के 174 किमी की मुकाबले भाजपा राज में 5262 किमी सडक़ें बनीं चिकित्सा में 296 उप स्वास्थ्य केन्द्रों के मुकाबले भाजपा राज में 1075 उप स्वास्थ्य केन्द्र खोले गए।

कांग्रेस ने 1323 माध्यमिक स्कूल क्रमोन्नत की तो भाजपा ने 6380 माध्यमिक स्कूल सी. सै. में क्रमोन्नत की। श्रमिकों की योजनाओं पर 22 करोड़ के मुकाबले भाजपा 777 करोड़ की राशि खर्च की। ग्रामीण विकास विभाग में कांग्रेस ने 5070 करोड़ तो भाजपा ने 11977 करोड़ रुपए खर्च किए। वहीं पंचायतराज में कांग्रेस ने पांच सालों में 2159 करोड़ रुपए खर्च किए तो भाजपा ने पौने पांच साल में 9920 करोड़ रुपए खर्च कर विकास के काम करवाए।

ये भी पढ़ें

video : दिनदहाड़े गोली चलने से फैली इस शहर में सनसनी, वेन चालक पर सर्राफा व्यवसायी ने इसलिए किया हमला
Published on:
07 Oct 2018 05:15 pm
Also Read
View All