
अजमेर. लेन-देन के विवाद को लेकर आए दिन की धमकियों से परेशान सर्राफा व्यवसायी ने बुधवार निजी स्कूल की बालवाहिनी के चालक पर अवैध हथियार से फायरिंग कर दी। हमले में वैन संचालक के पैर में दो गोली लगी। पुलिस ने सर्राफा व्यवसायी और उसके साथी को वारदात में इस्तेमाल हथियार व तीन जिंदा कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मोती विहार कॉलोनी निवासी बालवाहिनी चालक लक्ष्मणसिंह पुत्र उम्मेदसिंह दोपहर के वक्त प्राइवेट स्कूल की वैन में बच्चों को घर छोड़ कर जा रहा था। आनासागर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर फिल्डर प्लांट के पीछे मोड़ पर नागफणी निवासी ज्वैलर आकाश सोनी ने वैन को रुकवाया। आकाश ने लक्ष्मण से उसके बेटे अजय व उसके दोस्त विशाल के बारे में पूछा।
लक्ष्मण कुछ माजरा समझ पाता उससे पहले आकाश ने अवैध हथियार से उस पर फायर कर दिया। फायरिंग के बाद आकाश एक अन्य युवक के साथ फरार हो गया। लक्ष्मण के दो गोलियां पैर के आरपार हो गई। पुलिस को भी घटनास्थल से दो गोली मिली है। वारदात के दो घंटे बाद ही आकाश और उसका साथी जिला स्पेशल टीम के हत्थे चढ़ गया।
बेटे के दोस्त से था विवाद
आकाश का ज्वैलरी मेकिंग का काम है। घायल लक्ष्मण का कहना है कि आकाश से उसका कोई विवाद नहीं है। आकाश ने पुलिस को बताया कि उसने डेढ़ साल पहले लक्ष्मण के बेटे अजय के दोस्त विशाल से 80 हजार रुपए उधार लिए। रकम की एवज में उसने विशाल को सोने की कंठी व खाली चेक दिया था। उधार ली गई रकम लौटाने के बाद भी विशाल ने आकाश को सोने की कंठी और चेक नहीं लौटाया।