अजमेर

कहीं अवैध कनेक्शन बन रहे परेशानी तो कहीं कम प्रेशर से आ रहा पानी ,आखिर कब तक चलेगी जलदाय विभाग की मनमानी

भीषण गर्मी में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहर में भी पानी की किल्लत गहराने लगी है।
2 min read
Apr 13, 2018
people facing drinking water supply problem in city

अजमेर/गगवाना. भीषण गर्मी में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहर में भी पानी की किल्लत गहराने लगी है। शहर के कई इलाकों में तीन से पांच दिन के अंतराल में पेयजल आपूर्ति होने से लोगों को गर्मी में खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि दूरस्थ इलाकों व अंतिम छोर तक पानी कम प्रेशर से पहुंच रहा है। इससे लोगों को टैंकर आदि मंगवाकर जसतस काम चलाना पड़ रहा है।

अजमेर शहर के कई इलाकों में कम प्रेशर की शिकायतें सामने आई है वहीं सबसे बड़ी मुश्किल अनियमित सप्लाई का है। कभी सुबह की आपूर्ति शाम को तो कभी तीन से पांच दिन के अंतराल में पानी की आपूर्ति की जा रही है। भजनगंज, नगरा, आदर्श नगर, कोटड़ा, हरिभाऊ उपाध्याय नगर, वैशाली, आंतेड़, क्रिश्चियनगंज, जौंसगंज, सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी की किल्लत अभी से गहरा गई है।

भजन गंज निवासी निर्मला कौशिक का कहना है कि नौकरी पेशा लोगों को अनियमित जलापूर्ति की समस्या से जूझना पड़ता है। ड्य़ूटी पर जाने का समय पानी आने पर पानी भरना मुश्किल हो जाता है। अगली बार पानी आने के समय का इंतजार करना पड़ता है। इसी प्रकार शक्ति प्रताप का कहना है कि अंतिम छोर खासकर चंदवरदायी नगर सी ब्लॉक में पानी की किल्लत अभी से है। यहां बहुत कम दबाव से पानी आता है जिससे लोगों को काफी देर तक पीने के पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। इसका उपचार निजी टैंकरों से पानी मंगवा कर करना पड़ता है।


छातड़ी में काटे 22 अवैध कनेक्शनछातड़ी ग्राम में चार दिनों से जलापूर्ति होने से पेयजल के लिए किल्लत बनी हुई है। जलदाय विभाग ने अवैध कनेक्शन के कारण महिलाओं को एक किलोमीटर दूर जाकर पानी भर कर लाना पड़ता है। महिलाओं का कहना है कि पानी भरने में रोजाना दो से तीन घंटे लग जाते हैं। जलदाय विभाग ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई करते हुए राइजिंग लाइन से जुड़े अवैध कनेक्शन हटाए। इस मौके पर गेगल थाना पुलिस मौजूद रही। विभाग ने गगवाना से 4 अवैध कनेक्शन तथा छातड़ी से 22 अवैध कनेक्शन काटे। इस मौके पर एक्सईएन मेघराज प्रीतवानी, नंदाराम चौधरी मौजूद रहे। विभाग का दावा है कि शुक्रवार से प्राथमिकता के आधार पर जलापूर्ति की जाएगी।

कार्रवाई नहीं की तो जन आंदोलन

पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री नसीम अख्तर ने पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में पेजयल किल्लत की समस्या को लेकर जिला कलक्टर को पत्र प्रेषित किया है। पत्र में बताया गया कि गांव ढाणियों में बीसलपुर का पानी नहीं पहुंचने से पेयजल व मवेशियों के लिए पीने का पानी नहीं मुहैया हो पा रहा है। सरकारी स्तर पर केवल घोषणाएं की जा रही है लेकिन धरातल स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा। पुष्कर सरोवर में पानी नहीं होने से श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है। पत्र में चेतावनी दी कि समय पर कार्रवाई नहीं की गई तो जन आंदोलन किया जाएगा।

Published on:
13 Apr 2018 12:08 pm