अजमेर

लीड….खाद कम आई, ऑनलाइन में दूसरे गांवों के किसान छाए; तारणपुर में भड़का विरोध

Aug 29, 2026
Rajasthan

खिरनी. ग्राम पंचायत तारणपुर स्थित ग्राम सेवा सहकारी समिति पर शुक्रवार को डीएपी खाद वितरण को लेकर किसानों ने विरोध जताया। खाद लेने पहुंचे ग्रामीण समिति पर एकत्र हो गए और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होने तक वितरण रोकने की मांग की। विरोध के बाद समिति व्यवस्थापक ने खाद वितरण रोक दिया। ग्रामीण हेमराज मीणा ने बताया कि समिति पर ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से डीएपी खाद का वितरण किया जा रहा है। इसमें तारणपुर के अलावा अन्य गांवों के किसान भी ऑनलाइन पंजीयन कराकर खाद ले रहे हैं। समिति में पहले से ही डीएपी की आवक कम है। ऐसे में दूसरे गांवों के किसानों को खाद मिलने से तारणपुर के कई स्थानीय किसान खाद से वंचित रह रहे हैं।
पहले पर्याप्त खाद, फिर वितरण की मांग
शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण समिति पहुंचे और व्यवस्थापक से खाद वितरण रोकने की मांग की। किसानों का कहना था कि सीमित मात्रा में खाद बांटने से कई स्थानीय किसान खाली हाथ लौट जाएंगे। ग्रामीणों ने मांग रखी कि समिति में पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद आने के बाद ही वितरण दोबारा शुरू किया जाए।
अतिरिक्त खाद आने पर ही वितरण
किसानों के विरोध के बाद व्यवस्थापक ने वितरण रोक दिया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि अतिरिक्त मात्रा में डीएपी खाद आने के बाद ही वितरण फिर शुरू किया जाएगा। समिति में खाद की कमी और ग्रामीणों के विरोध की सूचना उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है।
समय पर खाद नहीं मिलने से चिंता
किसानों ने बताया कि खरीफ फसल के लिए डीएपी खाद की जरूरत है। समय पर खाद नहीं मिलने से खेती प्रभावित होने की चिंता बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और सहकारिता विभाग के अधिकारियों से तारणपुर ग्राम सेवा सहकारी समिति में शीघ्र पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि पर्याप्त खाद मिलने पर ही सभी किसानों को जरूरत के अनुसार खाद मिल सकेगा और उन्हें खाद के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

Updated on:
29 Aug 2026 06:00 am
Published on:
29 Aug 2026 06:00 am