अजमेर

राखी पर भाई की कलाई पर सजा बहना का प्यार,बाजारों में उमड़ी भीड़

Aug 29, 2026
Rajasthan

सवाईमाधोपुर.जिलेभर में शुक्रवार को भाई‑बहन के अटूट प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन पूरे दिन उमंग और उल्लास के साथ मनाया । सुबह से ही गलियों और चौक में त्योहार की गूंज सुनाई दी, बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी और मिठाइयों व उपहारों की दुकानों पर रौनक देखते ही बनी। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर लंबी उम्र और सुख‑समृद्धि की कामना की, तो भाइयों ने बहनों की रक्षा का वचन देकर उपहार भेंट किए। घर‑घर में राखी की रस्म निभाई गई, बच्चों में उत्साह का आलम रहा और कारागार तक में बहनों ने अपने बंदी भाइयों को राखी बांधकर रिश्ते की भावनात्मक झलक पेश की। वहीं बसों में महिलाओं की नि:शुल्क यात्रा की।

कारागार में भी बंधी राखी
जिला कारागार में रक्षाबंधन का दृश्य भावनाओं से भरा रहा। बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर लंबी उम्र और सुरक्षा की कामना की। जेल की दीवारों के भीतर भी भाई‑बहन के रिश्ते की गहराई झलकती रही। बहनों ने भाइयों की जल्द रिहाई की दुआ की और इस पल ने कारागार को भी मानवीय संवेदनाओं से भर दिया।

महिलाओं ने रोडवेज में नि:शुल्क किया सफर
राखी के दिन सुबह से ही रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं की नि:शुल्क यात्रा सुविधा के चलते साधारण एक्सप्रेस बसों में इतनी भीड़ रही कि पांव रखने तक की जगह मुश्किल हो गई। राखी के अवसर पर राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने महिलाओं को रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी। इस सौगात ने बहनों और युवतियों को अपने भाइयों तक पहुंचने का अवसर दिया। महिलाओं ने इस सुविधा का भरपूर लाभ उठाया और दिनभर बसों में भीड़ बनी रही। नि:शुल्क यात्रा ने त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया, जिससे हर बहन अपने भाई तक आसानी से पहुंच सकी। ऐसे में शनिवार को भी बसों में महिलाओं और बालिकाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा रहेगी।

बच्चों में उत्साह और घर‑घर में गूंज
रक्षाबंधन पर घर‑घर में राखी बंधी और मिठाइयों से मुंह मीठा हुआ। छोटे बच्चों में उत्साह का आलम देखते ही बना। गलियों से लेकर चौक तक बच्चों की खिलखिलाहट और त्योहार की गूंज सुनाई दी। भाई‑बहन के रिश्ते का यह पर्व जिलेभर में स्नेह और उमंग का बड़ा सामाजिक उत्सव बन गया। हर घर में राखी की रस्म ने रिश्तों की मिठास को और गहरा किया।

Updated on:
29 Aug 2026 06:00 am
Published on:
29 Aug 2026 06:00 am