
अजमेर। शहर के पुरानी मिल क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई और सड़क किनारे जाकर रुक गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते कार रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बाद में पता चला कि कार चला रहे व्यक्ति आरपीटीएस के कमांडेंट एवं एडिशनल एसपी संदीप सिंह थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी चलाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके। इसी दौरान कार पहले एक बाइक सवार से टकराई और फिर सड़क किनारे जाकर रुक गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कार से एडिशनल एसपी को अचेत अवस्था में बाहर निकलते देख कुछ लोगों ने शुरुआत में उनकी हालत को लेकर गलतफहमी पाल ली और तरह-तरह की बातें करने लगे। अचेत व्यक्ति को देखकर कुछ लोग समझ नहीं पाए, उन्हें लगा कि शराब के नशे में हैं, कुछ लोगों ने बेतुके बोल निकाले। हालांकि, कुछ ही देर में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाल लिया। इसके बाद स्पष्ट हुआ कि उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ था।
पुलिसकर्मियों ने भीड़ को हटाकर एडिशनल एसपी संदीप सिंह को तुरंत किशनगढ़ के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. परसराम चौधरी ने बताया कि जांच में सामने आया कि उनका शुगर लेवल बढ़ने के कारण उन्हें चक्कर आया था। अस्पताल में डॉ. सुरेंद्र और डॉ. विनोद गोयल की टीम ने उनका उपचार शुरू किया और उन्हें एहतियात के तौर पर आईसीयू में भर्ती किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में बाइक सवार को हल्की चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत भी सामान्य बताई गई। घटना के दौरान एडिशनल एसपी स्वयं कार चला रहे थे। पुलिस ने वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और कुछ ही देर में सड़क पर सामान्य आवाजाही बहाल कर दी।