अलवर

अ​ग्निपथ योजना के विरोध में युवा: रोड जाम किया, टायर जलाए, DSP की गाड़ी में तोड़फोड़

विरोध कर रहे युवाओं ने कोटकासिम-हरसौली व कोटकासिम-किशनगढ़बास मार्ग पर अवरोधक लगाकर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा।
2 min read
• •
Updated: 18 Jun 2022, 5:08 PM IST
Agnipath Scheme: Youth Protest Against Agnipath Scheme In Alwar
अ​ग्निपथ योजना के विरोध में युवा: रोड जाम किया, टायर जलाए, DSP की गाड़ी में तोड़फोड़

अग्निपथ योजना का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। जिससे हिंसा का माहौल बना हुआ है। चहुंओर युवा वर्ग अग्निपथ पथ योजना के विरोध में सड़कों पर उतरते नजर आ रहे हैं। अग्निपथ योजना के विरोध की लपटें अलवर जिले के कोटकासिम सहित बीबीरानी में भी देखी गई। इस दौरान बीबीरानी में सुबह से ही छात्र नेताओं के साथ युवा सड़कों पर उतर आए और केन्द्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए जाम लगा दिया। जाम के चलते सड़कों पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। डीएसपी के सरकारी वाहन का शीशा तोड़ दिया तो एसडीओ की गाड़ी का घेराव किया। गंभीर हालात देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मोर्चा संभाला। विरोध कर रहे युवाओं ने कोटकासिम-हरसौली व कोटकासिम-किशनगढ़बास मार्ग पर अवरोधक लगाकर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा। युवाओं ने मुर्दाबाद के नारे लगाए। जाम से वाहन चालकों एवं यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर टायर जलाए। घटना पर मौजूद किशनगढ़बास डीएसपी अतुल आग्ने की सरकारी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। आंदोलन का उर्ग्र रूप देखकर कुछ समय के लिए बीबीरानी में प्रतिष्ठान भी बंद रहे। पुलिस-प्रशासन मुस्तैदी से शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटा रहा। शीशा टूटने पर पुलिस ने युवाओं को दूर तक खदेड़ दिया।

20 जून तक मांगे नहीं मानी तो उग्र आंदोलन

कोटकासिम में भी जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन कर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अल्टीमेटम दिया। छात्र नेता कोटकासिम बस स्टैंड परिसर पर एकत्रित हुए तथा बस स्टैंड के सामने मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इस बीच पुलिस प्रशासन प्रदर्शनकारी युवाओं को समझाते रहा। उसके बाद कस्बे के बाजार सहित मुख्य मार्गों से जुलूस निकाल कर विरोध जताया। इस अवसर पर करीब 300 युवा शामिल थे। जुलूस समापन पर सभी युवा उपखंड कार्यालय पहुंचे। प्रधानमंत्री के विरोध में नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया तथा एसडीओ गंगाधर मीणा को ज्ञापन सौंपकर केन्द्र सरकार से 20 जून तक मांगे नहीं मानने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगराम मीणा, एसडीओ गंगाधर मीणा, तहसीलदार डॉ. विक्रम सिंह, किशनगढ़बास डीएसपी अतुल आग्ने, कोटकासिम थाना अधिकारी महावीर सिंह शेखावत, खैरथल थाना अधिकारी भगवान सिंह सहाय, ततारपुर थाना अधिकारी विजय चंदेल सहित भारी में संख्या में पुलिस बल तैनात रहा तथा मौके पर युवाओं को समझाने के प्रयास किए।

Published on: