
अलवर. कालीमोरी के समीप कॉलोनियों में रहने वाले हजारों लोगों की राह आसान होने वाली है।इसी माह कालीमोरी अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। यह अंडरपास ’यू’ शेप में बनाया जाएगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता श्रीराम मीना ने मंगलवार को कार्यस्थल का मौका मुआयना कर ठेकेदार को निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि यह अंडरपास अल्कापुरी के सामने मुख्य सड़क से शुरू होकर विद्यु़त निगम कार्यालय के सामने से रेलवे ट्रैक के नीचे से पटरी पार मंदिर के पास निकलेगा। अल्कापुरी की तरफ 100 मीटर और मंदिर की तरफ 90 मीटर लंबा होगा। अंडरपास की ऊंचाई 5 मीटर व चौड़ाई 3 मीटर होगी। रेलवे लाइन के नीचे इस अंडर पास की लम्बाई 22 मीटर रहेगी। सबसे पहले इसमें ब्लॉक डाले जाएंगे। अंडर पास 4 से 5 माह में बनकर तैयार हो जाएगा।
दो किलोमीटर का सफर अब 200 मीटर में पूरा होगा
अंडरपास बनने से रेलवे लाइन के दोनों ओर स्थित दर्जनों कॉलोनियों के हजारों लोगों को सुविधा होगी। अंडर पास बनने से अल्कापुरी, बैंक कॉलोनी, फ्रेंड्स कॉलोनी, मोती नगर, हीराबास समेत दर्जनों कॉलोनियों के लोगों, औधोगिक इकाइयों, विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। फिलहाल राहगीरों को कालीमोरी ओवरब्रिज से घूमकर 2 किलोमीटर लंबा सफर करना पड़ता है। अंडरपास बनने से यह दूरी घटकर 200 मीटर रह जाएगी। कालीमोरी फाटक बंद होने के बाद लोग रेलवे लाइन क्रॉस कर जोखिम उठा रहे हैं, यहां कई बाद हादसे भी हो चुके हैं।
3 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
कालीमोरी अंडरपास करीब तीन करोड़ की लागत से बनेगा। फिलहाल इसके लिए 2 करोड़ 63 लाख 75 हजार 291 रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। यह अंडरब्रिज चार चरणों में तैयार होगा। पहले चरण की अवधि के लिए 32 लाख 96 हजार 911 रुपए, दूसरे चरण के लिए 98 लाख 90 हजार रुपए, तीसरे चरण तक 1 करोड़ 97 लाख 81 हजार 468 रुपए और अंतिम चरण तक 2 करोड़ 63 लाख 75 हजार 291 रुपए खर्च होंगे।