
Amit Shah Alwar Visit : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व सीएम भजन लाल शर्मा 16 अगस्त को अलवर आएंगे। वे यहां विजय नगर मैदान में जनसभा कर प्रदेशभर के लिए 6 हजार 279 करोड़ रुपए लागत के 933 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें जिले के भी 783 करोड़ रुपए के 151 विकास कार्य शामिल हैं। इसमें अलवर में सरस डेयरी प्लांट में 200 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नवीन सरस डेयरी प्लांट का शिलान्यास किया जाएगा। अलवर के नए मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण होगा। सभा में 10,548 नव-नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे। सभा में कोटपूतली-बहरोड़ व खैरथल-तिजारा जिले सहित कई जिलों से करीब एक लाख लोग शामिल होंगे। जनसभा को लेकर शनिवार को दिनभर प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर सुरक्षा कर्मियों ने तैयारियां की। वहीं दूसरी ओर भाजपा के पदाधिकारी ने भी भीड़ जुटाने की रणनीति बनाई।
अलवर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। वीआइपी मूवमेंट के समय शहर की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आदेश जारी किए हैं। प्रशासनिक व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से 13 जगहों पर पार्किंग बनाई गई है। इनमें वीआइपी जनप्रतिनिधियों के लिए मेडिकल कॉलेज पर पार्किंग रखी गई है। ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए शहर में 13 जगहों पर पार्किंग बनाई गई है।
1- राजगढ़ व थानागाजी रोड से आने वाले वाहन नवीन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में खड़े होंगे। यहां 300 बसों के खड़े होने की व्यवस्था की गई है।
2- मीरा पब्लिक स्कूल में एक हजार दोपहिया वाहन और कारों की पार्किंग क्षमता तय की गई है।
3- तिजारा, किशनगढ़ एवं रामगढ़ मार्ग से आने वाले वाहन बाबू शोभाराम कॉलेज की पार्किंग में खड़े होंगे। यहां 434 बसों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
4- दशहरा मैदान में 150 बसों और कारों के लिए स्थान तय किया गया है।
5- बहरोड़ रोड से आने वाले वाहन खाटू श्याम मंदिर मैदान में खड़े होंगे। यहां 150 कारों की क्षमता है।
6- रामलीला मैदान में 90 बसों और कारों के लिए आरक्षित जगह है।
7- बुद्ध विहार आयुर्वेद कॉलेज क्षेत्र में बसों के ठहराव के लिए व्यवस्था की गई है।
8- संगठन व अन्य आरक्षित स्थल कर्बला मैदान में वाहन खड़े करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं के वाहन खड़े होंगे।
9- ईएसआइसी खेल मैदान (ट्रांसपोर्ट नगर) में 100 बसों के लिए रिजर्व पार्किंग स्थल बनाया गया है।
10- जेल परिसर में केवल अधिकारी ही अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।
अलवर शहर को नो ड्रोन घोषित किया गया है। एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि 14 अगस्त की मध्यरात्रि से 17 अगस्त को दोपहर 12 बजे तक ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी रहेगी।
कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह शनिवार रात उदयपुर पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे और 16 अगस्त को सुबह निम्बाहेड़ा के लिए रवाना होंगे। वहां जे.के. सर्कल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमा का अनावरण करेंगे।