अलवर

Alwar Crime: जेब में कट्टा लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा युवक, पैसा मांगने पर सेल्समैन को मारी गोली, CCTV वीडियो आया सामने

राजस्थान के अलवर जिले में शनिवार को दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग से दहशत फैल गई। बाइक में 898 रुपये का पेट्रोल भरवाने के बाद युवक ने भुगतान करने से इनकार किया और रुपये मांगने पर सेल्समैन पर कट्टे से गोली चला दी। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई, जबकि पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
2 min read
Jul 11, 2026
Alwar Crime
Alwar Crime: सेल्समैन से बहस करता युवक (फोटो-सीसीटीवी शॉट)

अलवर। सदर थाना क्षेत्र के बुर्जा बाइपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक में पेट्रोल भरवाने आए एक युवक ने मामूली कहासुनी के बाद सेल्समैन पर गोली चला दी। जिस पेट्रोल पंप पर रोज सैकड़ों वाहन ईंधन भरवाने आते हैं, वहीं कुछ सेकंड में गोलियों की आवाज गूंज उठी और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गंभीर हालत में सेल्समैन को जयपुर रेफर किया गया है। घटना को लेकर कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिन में करीब 11:35 बजे एक युवक चेहरे पर लाल कपड़ा बांधकर बाइक से पेट्रोल पंप पहुंचा। उसने अपनी बाइक में 898 रुपये का पेट्रोल भरवाया। सेल्समैन ने ईंधन भरने के बाद भुगतान मांगा तो युवक टालमटोल करने लगा। जब कर्मचारी ने दोबारा पैसे देने को कहा, तो उसने जेब से देसी कट्टा निकाल लिया।

देखते ही देखते चला दी गोली

इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, आरोपी ने सीधे सेल्समैन पर फायर कर दिया। गोली कर्मचारी के कंधे को छूते हुए निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से अपनी बाइक पर बैठा और मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि आरोपी पहले कर्मचारी से बातचीत करता है, फिर अचानक जेब से हथियार निकालकर फायर करता है और मौके से भाग निकलता है। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान करने में तेजी दिखाई।

घायल कर्मचारी को जयपुर किया रेफर

गोली लगने के बाद घायल सेल्समैन सचिन को पहले अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

एक घंटे में पुलिस ने दबोच लिया आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकाबंदी करा दी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी कठूमर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने पैसे देने से इनकार क्यों किया और हथियार लेकर पेट्रोल पंप क्यों पहुंचा था।

दिनदहाड़े फायरिंग से सहमे लोग

भीड़भाड़ वाले पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग ने इलाके में दहशत फैला दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर गोली किसी अन्य व्यक्ति को लग जाती या पेट्रोल डिस्पेंसिंग क्षेत्र में कोई बड़ा हादसा हो जाता, तो स्थिति कहीं अधिक भयावह हो सकती थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

Updated on:
11 Jul 2026 10:53 pm
Published on:
11 Jul 2026 09:22 pm