अलवर

प्रकाश पर्व: रोशनी में जगमगाए गुरुद्वारों में कल सजेगा कीर्तन दरबार

नगर कीर्तन में गूंजी गुरुनानक देव जी की वाणी अलवर. गुरुनानक देव जी का प्रकाशोत्सव 5 नवंबर को मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में सोमवार को शहर में नगर कीर्तन निकाला गया, साथ ही सुबह 9 बजे अखंड पाठ रखा गया। जिसका भोग 5 नवंबर को पड़ेगा। इसी दिन गुरुद्वारों में कीर्तन दरबार सजाया जाएगा और अटूट […]
2 min read
Nov 04, 2025
Feature image

नगर कीर्तन में गूंजी गुरुनानक देव जी की वाणी

अलवर. गुरुनानक देव जी का प्रकाशोत्सव 5 नवंबर को मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में सोमवार को शहर में नगर कीर्तन निकाला गया, साथ ही सुबह 9 बजे अखंड पाठ रखा गया। जिसका भोग 5 नवंबर को पड़ेगा। इसी दिन गुरुद्वारों में कीर्तन दरबार सजाया जाएगा और अटूट लंगर का आयोजन होगा। सोमवार को शहर के मालाखेड़ा गेट गुरुद्वारे से नगर कीर्तन निकाला गया, जो प्रमुख मार्गों से होता हुआ स्कीम नंबर दो, लाजपत नगर स्थित गुरुद्वारे में पहुंचा। पालकी साहब में विराजमान रागी जत्था गुरुनानक देव जी की वाणी का गुणगान कर रहा था। इधर, प्रकाश पर्व को लेकर शहर के गुरुद्वारों में आकर्षक रोशनी की गई है।

नगर कीर्तन का जगह जगह हुआ स्वागत : पुरुषार्थी धर्मशाला विवेकानंद चौक, शाह साहिब गद्दी साहिब गुरुद्वारा, संयुक्त व्यापारी महासंघ (रजि) अलवर कांशीराम चौराहे पर, भगत सिंह चौराहा, पुरुषार्थी धर्मशाला स्कीम नं. 2, जिला पुरुषार्थी समिति अलवर, जुबली बास चौराहे, एरोड्रम रोड नं. 1 गुरुद्वारा साहिब, एरोड्रम रोड नं. 2 गुरुद्वारा साहिब में स्वागत किया गया।

नगर कीर्तन में दरबार साहब की पालकी के आगे संगत सड़क की सफाई करते हुए व पानी का छिड़काव करते हुए चल रही थी। सड़क पर पुष्प बिछाकर उस पर से वाहन पालकी साहब को ले जाया जा रहा था। आकर्षण रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग और फूलों से सजा पालकी वाहन भक्तों की आस्था का केंद्र बना रहा। इसकी अगुवाई पंज प्यारे कर रहे थे।दिल्ली का बैंड भक्तिरस बिखेरता चल रहा था। गतका पार्टी में शामिल जवान तलवारबाजी व पट्टेबाजी का प्रदर्शन करते चल रहे थे।पालकी साहब को एक सजे हुए वाहन में विराजमान किया गया था। इस दौरान स्कूली बच्चे जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। बड़ी सं[या में श्रद्धालु पालकी साहब के पीछे चल रहे थे। पंजाब से आई आर्मी पाइप बैंड की स्वर लहरियां सभी को पसंद आ रही थीं। नगर कीर्तन के गुरुद्वारा सुखधाम पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस दौरान संगत को फल आदि का प्रसाद वितरित किया गया। इस बार पालकी साहब को रस्सियों के सहारे समाज के गणमान्य लोगों के जरिए सुरक्षा चक्र बनाकर ले जाया जा रहा था। साथ चल रहे सेवादार यातायात वाहनों को रोककर नगर कीर्तन को आगे निकाल रहे थे।

पालकी साहब के सबसे आगे एक बैनर था, जिस पर लिखा था- गुरुनानक देव जी का पावन संदेश, सभी जीवों पर दया करो, जन-जन की तरफ से अपील-नीलगाय हत्या कानून वापस लो।

Updated on:
03 Apr 2026 03:26 pm
Published on:
04 Nov 2025 12:19 pm