
बीजेपी-कांग्रेस। पत्रिका फाइल फोटो
अलवर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस में प्रत्याशी चयन की कवायद तेज हो गई है। भाजपा की ओर से पार्षद पद के लिए दावेदारों से बायोडाटा लेने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पार्टी के पास करीब 700 दावेदारों के बायोडाटा पहुंचे हैं। कई वार्डों में टिकट के लिए दावेदारों की संख्या 15 से 20 तक पहुंच गई है। कांग्रेस में भी 400 से ज्यादा लोगों ने बायोडाटा जमा कर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
भाजपा ने बायोडाटा लेने के साथ ही टिकट के दावेदारों को लेकर सर्वे शुरू करा दिया है। पार्टी की ओर से दावेदार की छवि, क्षेत्र में पकड़ और अन्य पहलुओं को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। इसी सर्वे रिपोर्ट के आधार पर दावेदारों के नामों का पैनल तैयार कर आगे भेजा जाएगा।
बायोडाटा जमा कराने की अंतिम दिन रविवार होने के कारण भाजपा कार्यालय में बड़ी संख्या में दावेदार पहुंचे। अंतिम दिन भी टिकट की दौड़ में शामिल लोगों ने अपने बायोडाटा जमा कराए। अब पार्टी नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती बड़ी संख्या में आए दावेदारों में से मजबूत चेहरे का चयन करना है।
कांग्रेस की ओर से भी पार्षद चुनाव के लिए तीन दिन तक शिविर लगाकर दावेदारों से बायोडाटा लिए गए। इस दौरान 400 से अधिक लोगों ने आवेदन कर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की। हालांकि भाजपा की तुलना में कांग्रेस के सामने प्रत्याशी चयन की चुनौती अपेक्षाकृत कम मानी जा रही है, क्योंकि उसके पास दावेदारों की संख्या कम है।
अलवर में दोनों प्रमुख दलों में अब प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस एक-दो दिन में अपने प्रत्याशियों की सूची घोषित कर सकती हैं। टिकट की घोषणा के साथ ही चुनावी तस्वीर भी काफी हद तक साफ हो जाएगी।
भाजपा-कांग्रेस के अलावा कई निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव में उतरने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। ऐसे उम्मीदवार दोनों प्रमुख दलों के वोट बैंक में सेंध लगा सकते हैं। खास बात यह है कि पिछले चुनाव में भी कई निर्दलीय प्रत्याशी जीत दर्ज कर नगर निगम सदन तक पहुंचे थे। ऐसे में इस बार भी निर्दलीय उम्मीदवार कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों का चुनावी गणित बिगाड़ सकते हैं।
नगर निगम के पार्षद पद के लिए 700 से अधिक लोगों ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। बायोडाटा के आधार पर अब इन प्रत्याशियों को लेकर सर्वे करवाया जा रहा है, जल्द नामों के पैनल बनाकर उच्च पदाधिकारियों को भेजे जाएंगे - केजी खंडेलवाल, संयोजक भाजपा
पार्षद पद के लिए 400 से अधिक लोगों ने बायोडाटा जमा करवाए हैं। सर्वे के आधार पर ही जिताऊ व टिकाऊ उम्मीदवार का चयन करके नाम ऊपर भेजे जाएंगे - प्रकाश गंगावत, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
Updated on:
24 Aug 2026 11:43 am
Published on:
24 Aug 2026 11:43 am
