
मौके पर लोगों की भीड़ (फोटो - पत्रिका)
मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए घर से कार लेकर निकले 30 वर्षीय युवक की रोडी से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा शिबू की दुकान के पास हुआ। टक्कर के बाद युवक ट्रैक्टर रोकने के लिए सड़क पर आया था, इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मालाखेड़ा थानाधिकारी किरण सिंह यादव ने बताया कि मृतक की पहचान हरिराम पुत्र मोहनलाल प्रजापत, निवासी गोठड़ी गुरु, बेरला का बास, लक्ष्मणगढ़ के रूप में हुई है। हरिराम अपनी कार से खाटूश्याम जी के दर्शन करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान शिबू की दुकान के पास रोडी से भरे ट्रैक्टर ने उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार कार को टक्कर लगने के बाद युवक गुस्से में ट्रैक्टर को रोकने के लिए अपनी कार को उसके आगे खड़ा कर दिया। इसके बाद वह कार से उतरकर ट्रैक्टर रोकने के लिए सड़क के बीच में पहुंच गया। इसी दौरान तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में युवक आ गया। ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मालाखेड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को मालाखेड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार में युवक की मौत की खबर से मातम छा गया।
परिजनों के अनुसार हरिराम खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए घर से निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि वह दर्शन कर वापस लौटेगा, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। धार्मिक यात्रा पर निकले युवक की अचानक मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है।
Updated on:
23 Aug 2026 02:23 pm
Published on:
23 Aug 2026 02:23 pm
