अलवर

राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, बस चालक, उसकी पत्नी और बच्चे की मौत, 31 घायल अलवर रैफर

Rajasthan Road Accident: राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के करीब 5 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बस चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
2 min read
Apr 14, 2026
Road Accident on Delhi-Mumbai Expressway
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस। फोटो: पत्रिका

Alwar Road Accident: अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के करीब 5 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बस चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, 33 यात्री घायल हो गए। जिनमें से 31 घायलों को अलवर रैफर किया गया है। इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक हादसा अलवर जिले के पिनान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चैनल नंबर 100 इंटरचेंज पुलिया के पास हुआ, जहां इंदौर से दिल्ली जा रही एक ट्रेवल बस आगे चल रहे केमिकल से भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के वक्त सभी सवारियां नींद में थी। जैसे ही बस केमिकल से भरे ट्रक से टकराई तो तेज धमाका हुआ। नींद से यात्री जागे तो खुद को खून से लथपथ पाया। हादसे के बाद बस में सवार यात्री काफी घबराए गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भिजवाया।

हादसे में बस चालक, उसकी पत्नी और बच्चे की मौत

इस दर्दनाक हादसे में बस चालक, उसकी पत्नी और बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को रैणी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं, 33 घायलों में से 31 लोगों को गंभीर हालत में अलवर रैफर किया गया है।

घायलों को जब उपचार के लिए लाया गया तो पिनान सीएचसी में सिर्फ एक ही डॉक्टर मौजूद था। उन्होंने सभी घायलों का प्रा​थमिक उपचार किया। जिसके बाद गंभीर घायलों को अलवर रैफर कर दिया।

इंदौर से दिल्ली जा रही थी बस

हादसे के वक्त बस में ड्राइवर सहित 34 लोग मौजूद थे। ट्रेवल बस रात करीब 9 बजे इंदौर से रवाना हुई थी, जो दिल्ली जा रही थी। अलवर जिले के पिनान पहुंचते ही भीषण सड़क​ हादसा हो गया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

3 साल की बच्ची के सिर से उठा माता-पिता का साया

हादसे के वक्त ड्राइवर के साथ बस में उसकी पत्नी, बेटा और बेटी भी मौजूद थे। जिनमें से बस ड्राइवर, उसकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई। वहीं, ड्राइवर की तीन वर्षीय मासूम बच्ची को मामूली चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को राजगढ़ पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।

हादसे में ये हुए घायल

हादसे में राम नेहर (कैसल), राकेश (कैसल), रोहिताश्व (कैसल), मन्नू शर्मा (कैसल), बिट्टू (भिवाड़ी), सत्यनारायण (महेंद्रगढ़), अनिल कुमार (दिल्ली), सन्यम (दिल्ली), अछन कंवर (गुड़गांव), महिपाल सिंह (भिवाड़ी), पलविंदर कौर (पंजाब), नितिन करतार (इंदौर), रूबी बंसल (दिल्ली), अक्षय यादव (दिल्ली), अदिति वर्मा (हिमाचल), वैभव गोयल (रोहिणी दिल्ली), अरुण (फरीदाबाद), दिव्य प्रताप (भिवाड़ी), रोहित शर्मा (फरीदाबाद), कविता (दिल्ली), नवीन गुड़गांव), धीरज (भिवाड़ी), नवीन (हिसार), मनोज (हिसार), अंशु (हिसार) और दुर्गा कंवर (भिवाड़ी) गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों का अलवर के सरकारी अस्पताल में उपचार जारी है।

Updated on:
23 Apr 2026 02:46 pm
Published on:
14 Apr 2026 08:40 am