
सड़क। पत्रिका फाइल फोटो
अलवर। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने खेरली कस्बे में आयोजित कार्यक्रम में 40 करोड़ रुपए की लागत से हलैना से बड़ौदामेव तक वृहत् जिला सड़क (एमडीआर) के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि हलैना से बड़ौदामेव तक वृहत जिला सड़क क्षेत्र की प्रगति, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और आमजन के जीवन को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी।
यह सड़क भरतपुर जिले के हलैना से खेरली होते हुए बड़ौदामेव तक जाएगी। यह काम 11 माह में पूरा होगा। गृह राज्यमंत्री ने खेरली कस्बे के बायपास अखेगढ़ रोड पर विधिवत पूजन के साथ फीता काटकर शिलान्यास किया। इसके बाद एक रिसॉर्ट में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक रमेश खींची ने कठूमर क्षेत्र में रामसेतु योजना के तहत व खेरली क्षेत्र में चंबल का पानी उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने कहा कि सीएम भजनलाल शर्मा को अवगत कराकर इसका समाधान कराएंगे। विधायक खींची ने धौलागढ़ मंदिर के लिए बजट घोषणा, कठूमर से अटारी तक सड़क निर्माण एवं कठूमर से बरसाना तक सड़क बनाने की घोषणा पर धन्यवाद दिया।
इससे पूर्व मंत्री का सरपंच संघ सहित विभिन्न संगठनों ने स्वागत किया। इस मौके पर एसडीएम श्याम सुंदर चेतीवाल, पूर्व प्रधान संजय खींची, पूर्व चेयरमैन शेरसिंह मीना, संजय गीजगढ़िया व मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन गोपेश भारद्वाज व नरेंद्र गुप्ता ने किया।
इधर, रामगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर बहादुरपुर रोड स्थित रामेश्वर धाम मार्ग पर महात्मा गांधी विद्यालय के समीप आयोजित शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक सुखवंत सिंह मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान नगर पालिका क्षेत्र में करीब 5.33 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। साथ ही कस्बे में भगवान राम और श्यामेश्वर धाम से जुड़ी धार्मिक आस्था को देखते हुए एक तोरण द्वार की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित स्थान का चयन कर शीघ्र एस्टीमेट तैयार किया जाएं।
Updated on:
13 Apr 2026 12:14 pm
Published on:
13 Apr 2026 08:24 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
