
अंबिकापुर। शहर के मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्रीपारा में शनिवार की रात कांग्रेस नेता का उनके घर के सामने रास्ता रोककर आधा दर्जन से अधिक युवकों ने बेरहमी से मारपीट की थी। मारपीट में कांग्रेस नेता (Congress Leader brutally beaten) के सिर, आंख समेत शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल से रायपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बीच-बचाव करने पहुंचीं कांग्रेस नेता की पत्नी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। कांग्रेस नेता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट वाहन भी जब्त किया है। प्रकरण में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
शहर के दर्रीपारा निवासी कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू ने 30 अगस्त को मणिपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 29 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे साहिल साहू, राजा साहू सहित अन्य लोग उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उसके साथ गंभीर मारपीट (Attack on Congress leader) की गई। इस दौरान उसकी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
मारपीट में गुरप्रीत सिंह को सिर और आंखों में गंभीर चोटें आईं हैं। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर मणिपुर थाना पुलिस ने साहिल साहू, सुनील साहू, अनिल कुमार चटर्जी उर्फ संजू, आयुष एवं अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 190, 191(2), 296, 351(3), 115(2), 333 व 109 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
इसके बाद प्रकरण में 4 आरोपियों (Congress leader beaten accused arrested) को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नरीता सोरी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शशिकांत ठाकुर, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
घायल कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया है कि हमले के पीछे भाजपा नेता सूर्यप्रकाश साहू का हाथ है और उनके कहने पर मारपीट कराई गई। वहीं सूर्यप्रकाश साहू ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उनका नाम जबरन जोड़ा जा रहा है। राजनीतिक द्वेषवश कांग्रेस नेता उनका नाम ले रहे हैं। जबकि मारपीट के दौरान वे अपने घर में मौजूद थे।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दर्रीपारा निवासी साहिल साहू (22), आयुष बरला (19), सुनील साहू (47) और अनिल कुमार चटर्जी उर्फ संजू (55) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है। आरोपियों (Beaten accused) के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट वाहन जब्त किया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।