अंबिकापुर

पुलिस ऑफिसरों को धक्का मारते हुए आगे बढ़ गए कांग्रेसी, जमकर हुई झूमाझटकी, जिलाध्यक्ष रहे नदारद

किसानों की धान बोनस व सूखा राहत सहित अन्य समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने प्रदेश कांग्रेस के आह्वान घेरने निकले थे कलक्टोरेट
2 min read
Congressmen and police
Congressmen and Police

अंबिकापुर. प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर कलक्टोरेट का घेराव किया गया। पूर्व घोषित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए कलक्टोरेट को छावनी में बदल दिया गया था। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से अधिक पुलिस बल वहां मौजूद था, लेकिन इसके बावजूद दो सुरक्षाघेरों को तोड़कर कांग्रेसियों ने कलक्टोरेट के मुख्य गेट पर पहुंचकर विरोध जताया।

इस दौरान पुलिस व उनके बीच झूमाझटकी भी हुई। इसी बीच कांग्रेसी पुलिस अधिकारियों को धक्का मारते हुए आगे बढ़ गए थे। मुख्य गेट पर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेसी वापस लौट गए।

किसानों की समस्याओं को लेकर व प्रदेश सरकार के खिलाफ सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कलक्टोरेट का कांग्रेसियों ने घेराव किया। गांधी चौक स्थित डाटा सेंटर से रैली की शक्ल में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी कलकटोरेट पहुंचे। कांग्रेसियों के विरोध को देखते हुए पहले से ही जिला व पुलिस प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था कर रखी थी।

कांग्रेसियों को रोकने के लिए दो जगह पर बेरिकेट्स लगाए गए थे लेकिन कांग्रेसी बेरिकेट्स को तोड़ते हुए कलक्टोरेट के मुख्य गेट पर पहुंच गए। यहां पहले से ही काफी संख्या में पुलिस बल तैनात था। मुख्य गेट पर ही कांग्रेसियों को रोक दिया गया। किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट प्रभाकर पाण्डेय को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेसी वापस लौट गए।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, ग्रामीण अध्यक्ष राकेश गुप्ता, मधु दीक्षित, संध्या रवानी, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, संजीव मंदिलवार, परमानंद तिवारी, दुर्गेश गुप्ता, अख्तर अंसारी, निक्की खान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


पुलिस व कांग्रेसियों में हुई झूमाझटकी
पहले बेरिकेट्स को तोडऩे के बाद पुलिस कांग्रेसियों को दूसरे बेरिकेट्स के पास रोकने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेसी कलक्टोरेट के अंदर प्रवेश करने की मांग पर अड़े रहे, लेकिन पुलिस अधिकारी उन्हें रोकने का प्रयास करते रहे। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों के बीच जमकर झूमाझटकी होती रही। बाद में कांग्रेसी बेरिकेट्स तोड़कर पुलिस अधिकारियों को धक्का देते हुए आगे बढ़ गए।


कांग्रेस जिलाध्यक्ष नहीं नजर आए
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अजय अग्रवाल इस प्रदर्शन के दौरान कहीं भी नहीं नजर आए। जबकि जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा इस प्रर्दशन में शामिल होने के लिए अपील की गई थी। इसके साथ ही न तो कोई वर्तमान व पूर्व विधायक इस कार्यक्रम में उपस्थित रहा।

Published on:
19 Feb 2018 03:54 pm