अयोध्या

Ram Mandir: CEO बनने के बाद जितेंद्र मिश्रा पहुंचे अयोध्या; बोले- भगवान राम की कृपा भी, मेरा दिल आभार से भरा

Ram Mandir: राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने देश सेवा के बाद अब भगवान राम, मंदिर और भक्तों की सेवा का अवसर मिलने को सौभाग्य बताया।
2 min read
Sep 03, 2026
jitendra mishra ram mandir trust ceo ayodhya visit
CEO बनने के बार जितेंद्र मिश्रा का पहला बयान। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Ram Mandir CEO: अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्टको लंबे इंतजार के बाद अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मिल गया है। बुधवार को मंदिर ट्रस्ट की बैठक में CEO पद के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए 3 नामों में से रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगाई गई। नियुक्ति के बादजितेंद्र मिश्रा गुरुवार को अयोध्या पहुंचे।

अयोध्या पहुंचने पर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। मीडिया से बातचीत में जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें देश की सेवा के बाद अब भगवान श्रीराम, मंदिर और उनके भक्तों की सेवा करने का अवसर मिला है।

पहली बार अयोध्या पहुंचे नए CEO जितेंद्र मिश्रा

CEO की जिम्मेदारी मिलने के बाद जितेंद्र मिश्रा का यह अयोध्या का पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि पहले वह अपना पद संभालेंगे और उसके बाद ही अपनी योजनाओं के बारे में विस्तार से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी को संभालने के बाद भविष्य में इससे जुड़ी और जानकारी दी जाएगी।

'पहले देश की सेवा की, अब भगवान राम की सेवा का अवसर'

जितेंद्र मिश्रा ने अपनी नियुक्ति के लिए चयन समिति और ट्रस्ट का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह भगवान राम की कृपा भी है और वह इस जिम्मेदारी को लेकर खुद को बहुत खुशनसीब मानते हैं। उन्होंने कहा, "मेरा दिल आभार से भरा है और मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानता हूं कि मुझे जिंदगी में दो बार यह जिम्मेदारी मिली है। एक बार देश की सेवा करने की और अब भगवान राम, मंदिर और उसके भक्तों की सेवा करने की।" जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि उन्हें मंदिर ट्रस्ट के संगठन और प्रशासन का काम सौंपा गया है।

देवरिया, गोरखपुर और वाराणसी से है जुड़ाव

अयोध्या पहुंचने के बाद बातचीत में जितेंद्र मिश्रा ने अपने क्षेत्र से जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह इसी इलाके के रहने वाले हैं और अक्सर देवरिया, गोरखपुर और वाराणसी जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य और देश तेजी से तरक्की कर रहे हैं और अयोध्या का भी उसी तरह विकास हो रहा है।

पहले कार्यभार संभालेंगे, फिर बताएंगे योजनाएं

राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO ने कहा कि अभी वह पहले अपनी जिम्मेदारी संभालना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद ही भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा, "मुझे कार्यभार संभालने दीजिए। भविष्य में और जानकारी दी जाएगी।"

राम मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था की जिम्मेदारी

जितेंद्र मिश्रा के पास अब राम मंदिर की दैनिक प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होंगी। उनके लंबे सैन्य अनुभव और बड़े संस्थानों में निभाई गई भूमिकाओं को देखते हुए उन्हें मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। CEO के तौर पर वह मंदिर की दैनिक प्रशासनिक व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का काम संभालेंगे।

CEO चयन के लिए बनाई गई थी समिति

राम मंदिर ट्रस्ट के CEO के चयन के लिए एक समिति का गठन किया गया था। इस समिति ने ट्रस्ट को तीन नामों का पैनल सौंपा था। इन नामों में उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय, बिहार के पूर्व डीजीपी डॉ. परेश सक्सेना और पूर्व IAS दिनेश चंद्र के नाम शामिल थे। ट्रस्ट ने विचार-विमर्श के बाद रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगाई।

करीब चार दशक का सैन्य अनुभव

जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में करीब चार दशक तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। अब अपने लंबे सैन्य अनुभव के साथ वह श्री राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के प्रशासन और संगठन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे।