बैंगलोर

बेंगलुरु में युवक ने की पत्नी की हत्या: फोन पर रील्स की लत बनी विवाद की वजह, 10 महीने पहले हुई थी शादी

बेंगलुरु में 24 वर्षीय युवक धीरज कुमार ने घरेलू झगड़ों के बाद पत्नी रीमा की गला घोंटकर हत्या कर दी। 10 महीने पहले हुई शादी के बाद सोशल मीडिया रील्स को लेकर विवाद बढ़ता गया, जिसके बाद आरोपी फरार होकर बिहार चला गया था।
2 min read
Aug 07, 2026
Bengaluru wife murder
Bengaluru wife Murder Case : (Photo source: Bengaluru Police)

बेंगलुरु। बेंगलुरु में पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार 24 वर्षीय बिहार के एक युवक ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि घरेलू झगड़ों के बाद उसने पत्नी की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह फरार होकर बिहार चला गया था। आरोपी को बेंगलुरु पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसकी पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले धीरज कुमार के तौर पर हुई है। अपनी पत्नी रीमा कुमारी की हत्या के मामले में बिहार में उसका पता चलने के बाद कर्नाटक की कुंबलगोडु पुलिस की एक स्पेशल टीम ने उसे गिरफ्तार किया है।

10 महीने पहले की थी शादी

आरोपी ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि बेंगलुरु में उसने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या की वजह उनके बीच बार-बार होने वाले घरेलू झगड़े थे, जो पत्नी की मोबाइल फोन पर चिपके रहने, सोशल मीडिया रील्स बनाने और पति के साथ बिहार लौटने की जिद करने की आदतों को लेकर होते थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों को प्यार हुआ था और उन्होंने करीब 10 महीने पहले शादी कर ली थी। इसके बाद वे रीमा के परिवार को बताए बिना बेंगलुरु चले गए थे। वे बेंगलुरु के बाहरी इलाके में कुंबलगोडु पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गेरुपल्या में एक इमारत की चौथी मंजिल पर किराए के कमरे में रह रहे थे।

रील्स की लत और अकेला खाना बनी विवाद की वजह

पूछताछ के दौरान, धीरज ने कथित तौर पर कबूल किया कि शादी के बाद रीमा की उसमें दिलचस्पी कम हो गई थी। रीमा अधिकतर समय मोबाइल फोन में लगी रहती थी, अक्सर सोशल मीडिया रील्स बनाती थी, सिर्फ अपने लिए खाना बनाती थी, उसके काम से लौटने से पहले ही खाना खा लेती थी और रात में उसे खाना नहीं परोसती थी। पुलिस ने आगे बताया कि रीमा, धीरज पर बेंगलुरु छोड़कर बिहार लौटने का लगातार दबाव बना रही थी, जो दोनों के बीच अक्सर होने वाली बहस की एक और वजह बन गई थी।

दोनों के बीच होते थे झगड़े

आरोपी के कबूलनामे के अनुसार, इन मुद्दों को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। बहस के दौरान, रीमा ने कथित तौर पर धीरज को डंडे से मारा। गुस्से में आकर धीरज ने कथित तौर पर उसके दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसके चेहरे को प्लास्टिक में लपेटा, शव को चादर से ढका, उसे किराए के कमरे में ही छोड़ दिया और गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार भाग गया।

बदबू आने पर खुला राज

29 जुलाई को यह मामले तब सामने आया, जब रीमा के एक परिचित ने कमरे से बदबू आने के बाद इसकी जानकारी इमारत के मालिक को दी। कमरे में जाने पर मालिक को टॉयलेट के पास चादर में लिपटी रीमा की सड़ी-गली लाश मिली और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

शिकायत के आधार पर, कुम्बालागोडु पुलिस ने हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस अनीता बी. हद्दान्नावर के मार्गदर्शन और असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस सत्यवती के. की देखरेख में काम कर रही एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने आरोपी का पता लगाया और उसे बिहार से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

Updated on:
07 Aug 2026 01:37 pm
Published on:
07 Aug 2026 01:37 pm