
हरियाणा: एसयूवी गाड़ी पर दिनदहाड़े फायरिंग (फोटो-वीडियो का स्क्रीनशॉट-X @Haryana_YC)
चंडीगढ़। हरियाणा के चरखी दादरी शहर में गुरुवार को थाने के ठीक सामने बदमाशों ने गैंगवार की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार तीन हमलावरों ने एक एसयूवी गाड़ी को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 30 राउंड से अधिक चली गोलियों से इलाके में भगदड़ और दहशत फैल गई। इस हमले में स्कॉर्पियो सवार 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर पैदल ही फरार हो गए। मामले पर डीएसपी (मुख्यालय) धीरज कुमार ने कहा कि सात से आठ लोग घायल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। सीआईए, साइबर, सीटीडी और स्थानीय पुलिस की टीमें आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए काम कर रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत चरखी दादरी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। घायलों की पहचान अंकित (चरखी दादरी), कीर्तिमान (हिसार), सूरज, अंकित (भिवानी), सन्नी (हिसार), कृष्ण (महेंद्रगढ़) और अमित (फतेहगढ़) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, बाइक सवार तीन बदमाशों ने पहले एसयूवी के आगे अपनी बाइक अड़ाकर उसे रुकने पर मजबूर किया। गाड़ी रुकते ही बदमाशों ने चारों तरफ से गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में गोलियों से छलनी एसयूवी गाड़ी और घायल पड़े लोग दिखाई दे रहे हैं।
वारदात की सूचना पर पुलिस अधीक्षक समेत आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कारतूस के खोल व अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी गैंगवार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल हमले के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Updated on:
06 Aug 2026 06:11 pm
Published on:
06 Aug 2026 06:11 pm
