बांसवाड़ा

Banswara : बांसवाड़ा में एसीबी ने बिछाया जाल, वरिष्ठ सहायक व दो दलाल रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

Banswara : बांसवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बागीदौरा तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक और उनके दो दलालों को चार हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
2 min read
banswara acb action senior assistant 2 brokers bribe arrested
Banswara : प्रतीकात्मक फोटो पत्रिका

Banswara : बांसवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) टीम ने बड़ी कार्रवाई की। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सोमवार को बांसवाड़ा जिले की बागीदौरा तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक और उनके 2 दलालों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। बताया जा रहा है कि एसीबी ने सोमवार को बांसवाड़ा जिले की बागीदौरा तहसील कार्यालय में सूचना के बाद एक जाल ​बिछाया। जिसके बाद वरिष्ठ सहायक योगेन्द्र सिंह भाटी और उनके दो दलालों को चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो सूत्रों के अनुसार एसीबी बांसवाड़ा इकाई को परिवादी ने शिकायत की कि वह एक फाइनेंस कम्पनी में कार्यरत है। गृह ऋण स्वीकृत करने से पूर्व आवेदकों की रजिस्ट्री को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से रजिस्टर्ड मॉर्टगेज कराने के लिए तहसील कार्यालय बागीदौरा के वरिष्ठ सहायक योगेन्द्र सिंह भाटी द्वारा रिश्वत राशि की मांग की जा रही हैं।

प्रति पत्रावली ढाई हजार रुपए की मांग

इस पर रिश्वत मांग का सत्यापन करने के दौरान योगेन्द्र सिंह भाटी द्वारा दो पत्रावलियों के रजिस्टर्ड मॉर्टगेज की एवज में प्रति पत्रावली ढाई हजार रुपए के हिसाब से पांच हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग की गई। वार्ता के दौरान दोनों पत्रावलियों पर 500-500 रुपए कम करने के पश्चात चार हजार रुपए रिश्वत राशि लेने पर सहमति व्यक्त की गई।

आरोपियों से पूछताछ व अग्रिम कार्यवाही जारी

इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप कार्यवाही की। एसीबी उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी बांसवाड़ा रतन सिंह राजपुरोहित पुलिस उप अधीक्षक के नेतृत्व में टीम बनाई गई। जिसमें योगेन्द्र सिंह भाटी द्वारा परिवादी से चार हजार रुपए रिश्वत राशि अपने परिचित रतनसिंह को दिलवाकर विठ्ठल को देने के लिए कहा गया। रतनसिंह द्वारा ये रिश्वत विठ्ठल को दिए जाने पर एसीबी टीम द्वारा रिश्वत राशि बरामद कर योगेन्द्र सिंह भाटी, रतनसिंह एवं विठ्ठल को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपीगण से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। आरोपीगण योगेन्द्र सिंह भाटी वरिष्ठ सहायक तहसील कार्यालय बागीदौरा जिला बांसवाड़ा के निवास की भी तलाशी जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

Updated on:
24 Aug 2026 03:53 pm
Published on:
24 Aug 2026 03:53 pm