बांसवाड़ा में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मौजूदगी में बुधवार को यहां भाजपा महिला कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में नाटकीय घटनाक्रम हुआ।
बांसवाड़ा। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मौजूदगी में बुधवार को यहां भाजपा महिला कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में नाटकीय घटनाक्रम हुआ। महिला मोर्चा की एक नेता को राजे के साथ मंच पर जगह नहीं मिलने पर वह सामने फर्श पर बैठ गईं। मान-मनौव्वल के बाद राजे के सामने कुर्सी पर उसे बैठाया गया।
हुआ यूं कि वसुंधरा राजे सुबह मां त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन कर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लाने को लेकर पीएम का आभार वागड़ से जताने निकलीं। भाजपा कार्यालय में महिलाओं से हाथ उठवाकर कानून का समर्थन करवाया । इसी दौरान मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी व अन्य पुरुष पदाधिकारियों से राजे ने अनुरोध किया कि वे मंच के सामने आगे की कुर्सी पर बैठें और महिलाओं को मंच पर बैठने का मौका दें।
इस दौरान सबसे आगे की पंक्ति की महिलाएं वसुंधरा राजे के साथ मंच साझा करने के उत्साह में झट से कुर्सिंयों पर बैठ गईं। महिला मोर्चा की नेता शीतल भंडारी पीछे रह गईं और उन्हें मंच पर जगह नहीं मिल पाई। इससे वह नाराज हो गई और पूर्व मुख्यमंत्री राजे के सामने जमीन पर ही बैठ गईं । नाराजगी भरे शब्द बोलने पर वसुंधरा राजे ने उन्हें डांट भी लगाई और अधिक नहीं बोलने की हिदायत देकर सामने की ओर कुर्सी पर बैठाया। इसके बाद मामला शांत हो गया।
वसुंधरा राजे ने कहा कि मोदी सरकार संसद के बजट सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर आ रही है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर अधिनियम को लेकर पूरे देश-प्रदेश में कार्यक्रमों का आगाज अलग-अलग जगहों पर होगा। अपने कार्यक्रम का आगाज माई त्रिपुरा सुंदरी की धरा से किया है।
वसुंधरा राजे ने कहा कि महिलाओं ने वर्षों से सपना देखा कि उन्हें भी सम्मान मिले। संसद और विधानसभा में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिले। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लाकर पीएम मोदी ने महिलाओं के माथे पर स्वाभिमान का चंदन लगाने का काम किया है। महिलाओं को लोकसभा व विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इसकी क्रियान्वति से महिलाएं देश के भविष्य का फैसला करेंगी।