
Banswara Crime : बांसवाड़ा जिले के पाटन थाना क्षेत्र के मवड़ा गांव में कथित प्रेम प्रसंग को लेकर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। युवक ने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ देखकर जानलेवा हमला किया। इसमें युवक घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार खोमो पुत्र जीतो ने पहले भी कथित प्रेम प्रसंग को लेकर युवक से कई बार समझाइश की थी। पर वह नहीं माना।
शनिवार को खोमों ने अपनी पत्नी को मोहन पुत्र धूलिया के साथ देखा, जिससे वह आवेश में आ गया। गुस्से में आकर उसने मोहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में मोहन के सिर पर गंभीर चोट आई। बचाव के दौरान उसका हाथ भी फ्रैक्चर हो गया। घायल को परिजन और ग्रामीण तत्काल महात्मा गांधी जिला अस्पताल बांसवाड़ा लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। मौके पर उपस्थित लोगों ने इस घटना की सूचना पर पाटन थाना पुलिस दी। पाटन थाना पुलिस सूचना के बाद तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी तरफ एक अन्य घटना में बांसवाड़ा के कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के पाडला गांव में खेत में बनी एक टापरी में एक युवती का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। मृतका की पहचान रितिका पुत्री आलिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रितिका शुक्रवार सुबह खेत पर गई थी और दोपहर 3.13 बजे उसने अपनी बहन से मोबाइल पर बात भी की थी। शाम को पिता खेत पहुंचे तो वह नहीं मिली। तलाश करने पर टापरी में उसका शव मिला।
परिजनों का आरोप है कि मृतका के गले में रूमाल बंधा था। गले पर नाखूनों तथा पैरों पर चोट के निशान मिले, जिससे गला घोंटकर हत्या की आशंका है। सूचना पर कुशलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बांसवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल भी जांच के दायरे में ली जाएगी। यह हत्या किस ने की लड़की के परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि आरोपी करीब के क्षेत्र का है।