बारां

Rajasthan Crime: गुस्से में हैवान बना पति, कुल्हाड़ी से मारकर पत्नी को उतारा मौत के घाट

Dispute Turns Into Murder: बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र के दिलोद गांव में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आपसी विवाद के दौरान पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
2 min read
Mar 29, 2026
Baran-Murder-Case
प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Husband Killed Wife In Baran: बारां के कवाई थाना क्षेत्र के ग्राम दिलोद में शनिवार दोपहर आपसी विवाद के चलते पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्यवाही शुरू की। पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर सूचना मिली कि विमला बाई (40) अपने पति दयाचंद सहरिया के साथ दिलोद गांव में टापरी में रह रही थी, के साथ मारपीट हुई है। विमला बापचा थाना क्षेत्र के गेहूं खेड़ी गांव निवासी थी।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान दयाचंद ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से विमला बाई के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को तुरंत कवाई अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

शव का पोस्टमार्टम सीएचसी कवाई में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

बारां में ट्रक की टक्कर से महिला की मौत

वहीं बारां के अंता नेशनल हाईवे 27 पर भगवान बोहरा की बावड़ी के पास शनिवार को ट्रक की टक्कर से महिला की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। एएसआई मातादीन ने बताया कि मृतका गायत्री बाई (32) पत्नी कृष्ण मुरारी निवासी पलायथा परिजन के साथ मोटरसाइकिल से पलायथा से अंता की ओर आ रही थी। इसी दौरान कोटा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से अंता अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने गायत्री बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल मोटरसाइकिल सवार हरिओम का अंता अस्पताल में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर मृतका के साथ पिता-पुत्र सवार थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
29 Mar 2026 10:31 am
Published on:
29 Mar 2026 10:31 am