उत्तर प्रदेश के बरेली में मुफ्ती अख्तर रजा खान उर्फ अजहरी मियां के दो रोजा उर्स-ए-ताजुश्शरिया का आगाज अकीदत और एहतराम के माहौल में हो गया। सज्जादानशीन व काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रजा खां कादरी की सरपरस्ती में परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी।
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में मुफ्ती अख्तर रजा खान उर्फ अजहरी मियां के दो रोजा उर्स-ए-ताजुश्शरिया का आगाज अकीदत और एहतराम के माहौल में हो गया। सज्जादानशीन व काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रजा खां कादरी की सरपरस्ती में परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी। इससे पहले शाहबाद स्थित मिलन शादी हाल के पास से परचमी जुलूस निकाला गया, जो कुतुबखाना और बिहारीपुर होते हुए दरगाह आला हजरत पहुंचा। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने नातो-मनकबत पेश करते हुए जगह-जगह फूलों की बारिश के बीच दरगाह पर सलामी दी और खानकाह ताजुश्शरिया पहुंचकर रस्म मुकम्मल की।
जुलूस के दौरान पूरा रास्ता अकीदत के रंग में रंगा नजर आया। जायरीन दुरूद-ओ-सलाम पढ़ते हुए आगे बढ़े। दरगाह पर पहुंचकर गुलपोशी और चादरपोशी की गई। जुलूस की सरपरस्ती जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान ने की। मथुरापुर स्थित जामियातुर्रजा इस्लामिक सेंटर में उर्स का मुख्य मंच सजाया गया है। उर्स प्रभारी सलमान हसन खान के मुताबिक देश-विदेश से आए उलमा-ए-कराम तकरीर पेश करेंगे। कई दरगाहों के सज्जादानशीन भी उर्स में शरीक हुए हैं। रात में तकरीरी जलसा होगा और देर रात मुफ्ती-ए-आजम हिंद का कुल शरीफ अदा किया जाएगा।
उर्स के दूसरे दिन 25 अप्रैल को सुबह कुरान ख्वानी और नातो-मनकबत के बाद सुबह 7:10 बजे मुफस्सिरे आजम का कुल शरीफ होगा। दोपहर जुमा के बाद तकरीरों का सिलसिला चलेगा और शाम 7:14 बजे हुजूर ताजुश्शरिया का कुल शरीफ अदा कर उर्स का समापन होगा। प्रबंधन ने उर्स के दौरान सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जमात रजा मुस्तफा के पूर्व मीडिया प्रभारी समरान खान ने बताया कि जुलूस में डीजे और संगीत पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। अकीदतमंदों से अपील की गई है कि वह संजीदगी के साथ दुरूद-ओ-सलाम पढ़ते हुए शामिल हों। जो लोग उर्स में नहीं पहुंच पा रहे हैं, उनके लिए ऑनलाइन जुड़ने की व्यवस्था भी की गई है।
उर्स को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा और एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र ने पुलिस बल को ब्रीफ कर सतर्क रहने के निर्देश दिए। बिहारीपुर ढाल से मलूकपुर चौकी, सिटी सब्जी मंडी और आजमनगर इंद्रा मार्केट तक ड्रोन से छतों की जांच की गई। हालांकि कहीं भी कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। उर्स के सफल आयोजन के लिए प्रबंधन की पूरी टीम सक्रिय है। हाफिज इकराम रजा खां, मौलाना आबिद नूरी, समरान खान, कौसर अली, यासीन खान, सय्यद अजीमुद्दीन अजहरी समेत बड़ी संख्या में लोग व्यवस्थाओं में जुटे हैं। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में उर्स का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।