बाड़मेर

पति की हत्या के लिए 10 लाख की सुपारी, महिला के प्रेमी ने सुपारी किलर से किया सौदा, जानें पूरा मामला

बालोतरा पुलिस ने मंगलवार को एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। एक युवक की हत्या के लिए एकत्रित हुए बदमाशों को पुलिस ने धरदबोचा। मामले में पति की हत्या की सुपारी देने वाली आरोपी महिला को भी गिरफ्तार किया है।

2 min read
Sep 10, 2024

बाड़मेर। बालोतरा पुलिस ने मंगलवार को एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। एक युवक की हत्या के लिए एकत्रित हुए बदमाशों को पुलिस ने धरदबोचा। मामले में पति की हत्या की सुपारी देने वाली आरोपी महिला को भी गिरफ्तार किया है। महिला ने अपने पति की हत्या करवाने के लिए 10 लाख रुपए की अपने प्रेमी को सुपारी दी थी। पूछताछ में पता चला कि पति की हत्या का यह दूसरा प्रयास था।

पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने बताया कि सोमवार को मुखबिर के माध्यम से जिला स्पेशल टीम बालोतरा को सूचना मिली कि एक विवाहित महिला अपने प्रेमी के साथ मिलकर सुपारी किलर्स से पति की हत्या करवाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने मामले को लेकर स्पेशल टीम बनाई। इस बीच सूचना मिली कि सिवाना निवासी सुरेशपुरी की हत्या करवाने के लिए उसकी पत्नी कोमल ने प्रेमी हनुमानपुरी के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा है।

पति की हत्या कर रास्ते से हटाने को 10 लाख रुपए की सुपारी दी है। युवक की हत्या के लिए बदमाश व महिला जसोल फांटा के पास एकत्रित हुए हैं। सूचना की तस्दीक के बाद जिला स्पेशल टीम ने तत्परता दिखाई। जसोल फांटा के पास झाडिय़ों में पहुंच पुलिस टीम ने घेराबन्दी की। सघन सर्च अभियान चलाया। सुरेशपुरी की हत्या करने के साजिशकर्ता हनुमानपुरी व उसके सहयोगी सुपारी किलर अरविन्द उर्फ देवा, सुरेशकुमार व अशोककुमार को दस्तयाब किया।

दो लाख एडवांस, हत्या के बाद शेष रकम

जिला विशेष टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। इसमें सामने आया कि महिला कोमल अपने प्रेमी हनुमानपुरी के साथ एशोआराम की जिंदगी जीना चाहती थी। महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने का फैसला लिया। कोमल ने गहने बेचकर पांच लाख रुपए का इंतजाम किया। इसके बाद प्रेमी हनुमान के दोस्त सुपारी किलर अरविन्द उर्फ देवा, सुरेशकुमार व अशोक कुमार से सम्पर्क किया। हत्या के लिए 10 लाख रुपए की डिमाण्ड की। महिला व प्रेमी ने 5 लाख दिए। दुर्घटना का रूप देकर सुरेशपुरी की हत्या करने का सौदा किया। आरोपियों ने 2 लाख रुपए एडवांस व हत्या के बाद एक मुश्त बाकी रकम देना तय हुआ। सुपारी किलर ने सुरेशपुरी के घर व आने-जाने के रास्तों की रैकी की।

पूर्व में किया था हत्या का प्रयास किया

गत 25 अगस्त को कोमल अपने पति को घरेलू सामान लेने के बहाने उसे मोटर साइकिल से बालोतरा लेकर आई। वापसी में घर जाते समय योजना अनुसार बारिश का बहाना बना खुद बस में बैठ गई। पति को बाइक से रवाना किया। इसकी जानकारी अपने प्रेमी को दी। पूर्व नियोजित तरीके से सुपारी किलर ने सुरेशपुरी का पीछा किया। आसोतरा में सूनसान रोड पर गाड़ी से बाइक को टक्कर मारकर युवक की हत्या का प्रयास किया गया। इससे वह उछल कर पास में एक गाय के ऊपर गिरा। जिससे उसके मामूली चोटें आई।

Published on:
10 Sept 2024 08:58 pm
Also Read
View All

अगली खबर