बाड़मेर

Rajasthan Bus Accident : राजस्थान में भीषण सड़क हादसा; ट्रेलर से टकराई स्लीपर बस, 6 की मौत, बस में लटके दिखे शव

Balotra bus accident : राजस्थान के बालोतरा जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्लीपर बस ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Feb 27, 2026
Balotra bus accident: फोटो पत्रिका

बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्लीपर बस ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना कल्याणपुर के पास नेशनल हाईवे-25 पर हुई। बस जोधपुर से सांचौर जा रही थी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस के अंदर का मंजर बेहद भयावह हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ शव बस में फंसे और लटके हुए नजर आए।

ये भी पढ़ें

Jaipur Bus Fire: जयपुर में चलती रोडवेज बस में लगी भीषण आग, बस में सवार थे 70 यात्री

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 4 लोगों को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर कर दिया है। वहीं 5 का कल्याणपुर सीएचसी में इलाज चल रहा है। मृतकों में तीन पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं।

पांच मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोगों की पहचान नरपत (30) पुत्र सदाराम निवासी चितलवाना, नगाराम (38) निवासी सायला, अनुशा (22) निवासी दांता (सांचौर), शिवराज (3) और युवराज (6) पुत्र धारूराम निवासी बागोड़ा (जालोर) के रूप में हुई है। शिवराज और युवराज सगे भाई थे। अभी एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

5 घायलों का कल्यापुर सीएचसी में इलाज चल रहा

हादसे में घायल महबूब खान (30) निवासी जाम्बा चारनान (फलोदी), बीबा (30) निवासी राउता बागोड़ा (जालोर), जितेंद्र (30) निवासी मेगावा, चितलवाना (जालोर), वगताराम (62) निवासी बागोड़ा (जालोर) को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं कृष्ण कुमार (21) निवासी चितलवाना (जालोर), शाकिब (20) निवासी फलोदी, जेताराम (30) निवासी बागोड़ा (जालोर), रमेश (24) निवासी चितलवाना (जालोर), घारूराम (29) निवासी राऊता बागोड़ा (जालोर) का कल्याणपुर सीएचसी में इलाज चल रहा है।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओवरटेक के दौरान बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

हनुमान बेनीवाल ने हादसे पर दुख जताया

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा को शांति प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Updated on:
27 Feb 2026 06:53 pm
Published on:
27 Feb 2026 04:56 pm
Also Read
View All