27 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Bus Fire: जयपुर में चलती रोडवेज बस में लगी भीषण आग, बस में सवार थे 70 यात्री

Jaipur Bus Fire: मानसरोवर इलाके में रीको चौराहे के पास पेट्रोल पंप के सामने चलती रोडवेज बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय बस में 70 यात्री सवार थे।

less than 1 minute read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Feb 27, 2026

Jaipur Bus Fire
Play video

आग लगने के बाद जलती रोडवेज बस (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। मानसरोवर इलाके में शुक्रवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रीको चौराहे के पास चलती एक रोडवेज बस में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग लगने की वजह शार्ट-सर्किट बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग और घने धुएं के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

केकड़ी की तरफ जा रही थी बस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह रोडवेज बस सिंधी कैंप बस स्टैंड से केकड़ी के लिए दोपहर रवाना हुई थी। बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। ढाई बजे के करीब बस में आग लग गई। बताया जा रहा है कि शार्ट-सर्किट से फैली आग तारों के जरिए बस के इंजन तक पहुंच गई।

धुंआं उठता देख ड्राइवर ने रोकी बस

ड्राइवर ने धुंआं उठता देख बस को तुरंत रोक दिया और जैसे-तैसे सवारियों को बाहर निकाला गया। कुछ लोग खिड़िकियों से कूदकर बाहर निकले। दूसरी तरफ आग लगातार तेज होती गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के बावजूद बस पूरी तरह से जलकर कबाड़ हो गई।

किसी तरह की जनहानि नहीं

गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शार्ट-सर्किट बताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की तरफ से किसी तरह की जनहानि नहीं होना बताया गया है।