बाड़मेर

राजस्थान के रेगिस्तान में खेत उगलेंगे ‘सोना’, किसानों के लिए जगी उम्मीद की नई किरण

बाड़मेर जिले में प्रतिवर्ष पांच लाख 90 हजार मीट्रिक टन बाजरा उत्पादन होता है। जो राजस्थान में सर्वाधिक है। इसी क्षमता को देखते हुए राज्य सरकार ने बाड़मेर में अनुसंधान संस्थान स्थापित करने का निर्णय लिया।

2 min read
Nov 14, 2025
बाजरा अनुसंधान केंद्र (फोटो- पत्रिका)

बाड़मेर: गुड़ामालानी का बाजरा अनुसंधान केंद्र रेगिस्तानी किसानों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभर रहा है। यहां वैज्ञानिकों ने अनुसंधान कार्य शुरू कर दिए हैं। वर्तमान में पांच वैज्ञानिक बाजरा, जीरा और सरसों पर प्रयोग कर रहे हैं। भविष्य में अनार, बेर और ईसबगोल पर भी अनुसंधान होगा।

इससे यह केंद्र एक बहुफसली अनुसंधान हब के रूप में विकसित होगा, जो रेगिस्तानी कृषि को नई दिशा और पहचान देगा। अनुसंधान केंद्र के भवन का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) द्वारा 5.50 करोड़ रुपए की लागत से कराया जा रहा है। अगले दो महीने में भवन हैंडओवर होने की संभावना है। इसके साथ ही लैब और अनुसंधान उपकरणों की स्थापना भी शुरू हो जाएगी।

ये भी पढ़ें

बाड़मेर में गरजा बुलडोजर: कई दुकानें और मकान ढहाए, 2 कॉलोनियां अवैध, 7 दिन बाद फिर गरजेगा Bulldozer

18 प्रयोग पूरे, 10 वैज्ञानिक करेंगे अनुसंधान

केंद्र में अब तक 18 प्रकार के प्रयोग पूरे किए जा चुके हैं, जिनमें बाजरे की विभिन्न वैरायटी पर रिसर्च शामिल है। इसमें हैदराबाद और जोधपुर की यूनिटों का सहयोग रहा। भविष्य में यहां चार अत्याधुनिक लैब्स स्थापित की जाएंगी, जहां 10 वैज्ञानिक कार्य करेंगे। फिलहाल कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर की अखिल भारतीय समवेत बाजरा अनुसंधान परियोजना यूनिट को गुड़ामालानी में शिफ्ट कर दिया गया है।

कम पानी में ज्यादा पैदावार की दिशा में प्रयोग

वैज्ञानिक वर्षा आधारित परिस्थितियों में यह तय करने पर काम कर रहे हैं कि कौन सी हाइब्रिड वैरायटी कम पानी में अधिक उत्पादन दे सकती है। इसका उद्देश्य स्थानीय जलवायु के अनुकूल बीज विकसित कर किसानों की लागत घटाना और उत्पादन बढ़ाना है।

दो वर्ष पहले रखी गई थी नींव

बाजरा अनुसंधान केंद्र की स्थापना की प्रक्रिया वर्ष 2021 में शुरू हुई थी। जब भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने केंद्र के लिए 100 एकड़ भूमि की मांग की थी। भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 सितंबर 2023 को उपराष्ट्रपति की मौजूदगी में नींव रखी गई थी।

पहली बार 18 प्रयोग किए गए

कम समय में बाजरा अनुसंधान केंद्र में शोध कार्य शुरू हो गया है। पहली बार 18 प्रयोग किए गए हैं। यहां के पानी और बाजरे की पैदावर पर काम किया है। वर्तमान में एक जोधपुर की यूनिट को यहां शिफ्ट किया गया है। भवन बनकर तैयार हो रहा है। जल्द ही उसका उद्घाटन होगा।
-डॉ. एसएन सक्सेना, प्रमुख बाजरा अनुसंधान केंद्र, गुड़ामालानी

ये भी पढ़ें

राजस्थान: नाजुक ‘जीविका’ की हर सांस उसकी जिंदगी के लिए जंग बन गई, 600 ग्राम की बच्ची को पालने में छोड़ गए मां-बाप

Updated on:
15 Nov 2025 01:48 pm
Published on:
14 Nov 2025 02:21 pm
Also Read
View All

अगली खबर