बाड़मेर

Rajasthan: रूस से MBBS की पढ़ाई पूरी कर लौटे युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कुछ महीनों में होने वाली थी शादी

राजस्थान के बाड़मेर जिले से हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां रूस से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर लौटे एक युवक ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। युवक की कुछ महीनों बाद शादी होने वाली थी, लेकिन उससे पहले हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

2 min read
May 31, 2026
MBBS Doctor Suicide

बाड़मेर। जिले के समदड़ी थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। रूस से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर लौटे एक युवक ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। युवक की कुछ महीनों बाद शादी होने वाली थी, ऐसे में घर में चल रही खुशियों की तैयारियां अचानक मातम में बदल गईं।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजकुमार जोशी के रूप में हुई है। रविवार को परिजनों ने उसे घर में फंदे से लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही समदड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

ये भी पढ़ें

बांसवाड़ा में सिरफिरे युवक ने विवाहिता पर ब्लेड से किया हमला; गले, कमर और पैर में गंभीर घाव

मानसिक तनाव से गुजर रहा था MBBS डॉक्टर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजकुमार करीब तीन वर्ष पहले रूस से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर अपने घर लौटा था। परिवार के लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था। साथ ही उसकी तबीयत भी ठीक नहीं रहती थी। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

डॉक्टर की तय हो चुकी थी शादी

परिजनों के मुताबिक राजकुमार का विवाह तय हो चुका था और कुछ महीनों बाद शादी होने वाली थी। घर में विवाह की तैयारियों को लेकर उत्साह का माहौल था। रिश्तेदारों और परिचितों के बीच भी खुशी का माहौल था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। युवक के अचानक इस तरह दुनिया छोड़ जाने से परिजन बदहवास हैं और उन्हें अब भी इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा।

बड़ी संख्या घर पहुंच रहे लोग

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। क्षेत्र के लोगों ने भी इस घटना पर दुख जताया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

बाड़मेर जिले के समदड़ी थानाधिकारी नरपतदान रतनू ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर मानसिक तनाव और उससे जुड़ी चुनौतियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें

सीकर में सांड के हमले में दो की मौत, युवक के सीने में आर-पार हुआ सींग, एएनएम को उठाकर पटका
Updated on:
31 May 2026 10:07 pm
Published on:
31 May 2026 10:02 pm
Also Read
View All