
Rajasthan Police Holi Celebration: राजस्थान के कई जिलों में इस बार पुलिसकर्मियों ने अलग अंदाज में होली मनाई। बाड़मेर और झुंझुनू में पुलिस अधिकारियों, जवानों और प्रशासनिक अफसरों ने एक साथ रंगोत्सव में भाग लिया। कार्यक्रम में रंग-गुलाल के साथ गीत-संगीत और डांस का भी आयोजन हुआ।
बाड़मेर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रविंद्र सिंह भाटी पहुंचे और पुलिस जवानों के साथ होली खेली। भाटी पूरी तरह होली के रंग में रंगे नजर आए और उन्होंने जवानों के साथ जमकर डांस भी किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतेश आर्य भी मौजूद रहे। विधायक भाटी ने कहा कि पुलिसकर्मी हर समय समाज की सुरक्षा और शांति के लिए तत्पर रहते हैं। त्योहारों के दौरान भी वे ड्यूटी पर मुस्तैद रहते हैं, इसलिए उनके साथ खुशियां बांटना सम्मान की बात है।
कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाया और होली के गीतों पर डांस किया। पुलिस परिवारों ने भी इसमें भाग लिया। कुछ समय के लिए जवानों ने ड्यूटी के तनाव से दूर होकर उत्सव का आनंद लिया और भाईचारे का संदेश दिया।
झुंझुनू में जिला पुलिस अधीक्षक के आवास पर होली मिलन समारोह हुआ। इसमें जिले के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। जिला कलेक्टर अरुण गर्ग और एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने भी पुलिसकर्मियों के साथ रंग खेला और उनकी सेवाओं की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के समय शांति व्यवस्था बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पुलिस टीम ने बखूबी निभाया।