बाड़मेर

राजस्थान में सरपंच हनीट्रैप का शिकार: इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद लड़की ने प्यार से बुलाया, ब्लैकमेल कर मांगे 50 लाख

बालोतरा के गुड़ामालानी में एक सरपंच को हनीट्रैप में फंसाकर 50 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर मिलने बुलाया गया। आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए गए व बंदूक की नोंक पर धमकाया गया।
2 min read
Aug 29, 2026
rajasthan sarpanch honeytrap
Balotara Sarpanch Honey Trap Case (Photo-AI)

Balotara Sarpanch Honey Trap: बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में एक सरपंच को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने और 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई साजिश

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पूरी साजिश की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई। आरोपियों ने साजिश के तहत सरपंच से इंस्टाग्राम पर दोस्ती की। विश्वास में लेने के बाद 15 अगस्त के दिन सरपंच को 'रामजी की गोल' इलाके में मिलने के बहाने बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचने पर सरपंच की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर हनीट्रैप के जाल में फंसा लिया।

बंदूक की नोक पर वसूली और ब्लैकमेलिंग

पीड़ित सरपंच का आरोप है कि फोटो और वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्हें हथियार की नोक पर डराया-धमकाया। आरोपियों ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए 50 लाख रुपए की मांग की।

सरपंच ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने मौके पर ही दबाव बनाकर उनसे 83 हजार रुपए नकद ले लिए और 90 हजार रुपए ऑनलाइन माध्यम से ट्रांसफर करवा लिए। इतना ही नहीं, बंदूक के दम पर पीड़ित से एक खाली चेक पर हस्ताक्षर भी करवा लिए।

घटना के बाद पीड़ित सरपंच ने गुड़ामालानी थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। गुड़ामालानी थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती साक्ष्यों और बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर संदिग्धों की भूमिका तय की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी और मामले का खुलासा किया जाएगा।

इन बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस

  • इंस्टाग्राम अकाउंट की डिजिटल फॉरेंसिक जांच और चैट हिस्ट्री।
  • 15 अगस्त को रामजी की गोल क्षेत्र की लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज।
  • फोन पे के जरिए हुए 90 हजार रुपए के ट्रांजैक्शन का बैंक रिकॉर्ड।
  • बंदूक दिखाकर डराने और जबरन ब्लैंक चेक पर दस्तखत कराने के आरोप।
Updated on:
29 Aug 2026 12:45 pm
Published on:
29 Aug 2026 12:42 pm